ADD

पंडो जनजाति की जमीन हड़पने का मामला उजागर, भाजपा जिलाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद 4 आरोपियों पर FIR दर्ज... भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेतृत्व से पंडो समाज को मिला न्याय

0


 अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 

लखनपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत माजा के आश्रित ग्राम राजाकटेल, ग्राम कटिंडा, और  चोड़या में निवासरत अति विशेष संरक्षित जनजाति (पंडो) परिवारों के साथ भूमि हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के लखनपुर प्रवास के दौरान यह विषय उनके संज्ञान में लाया गया, जिसमें बताया गया कि गांव में रहने वाले कुछ  व्यक्तियों द्वारा कूटरचना एवं जालसाजी कर पंडो समाज के परिवारों की पैतृक भूमि पर बलपूर्वक कब्जा कर लिया गया है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है कि देश की सबसे कमजोर एवं संरक्षित जनजातियों में शामिल पंडो समाज को अपने ही गांव में अन्याय और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले में दिनांक 07.03.2026 को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेतृत्व में राजाकटेल, चोडेया और कटिंडा के प्रभावित पंडो परिवारों द्वारा पुलिस अधीक्षक, जिला सरगुजा के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत कर अतिक्रमणकारी व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि जालसाजी के माध्यम से उनकी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है।

गंभीर बात यह भी सामने आई कि आवेदन देने के बाद जब शिकायतकर्ता पंडो परिवार अपने गांव लौटे तो अतिक्रमणकारी तत्वों द्वारा उन पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया गया। इस प्रकार की धमकी और दबाव की राजनीति लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के शासन के लिए अत्यंत चिंताजनक है।

भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरगुजा से दूरभाष पर चर्चा की और दोषी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। जिस पर कार्यवाही करते हुए पुलिस द्वारा तत्काल सात अतिक्रमणकारियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है एवं अन्य अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जांच कार्यवाही जारी है और उसके उपरांत सभी अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी हो सकेगी ।  पुलिस द्वारा की गई तत्काल कार्यवाही हेतु भारत सिंह सिसोदिया ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को धन्यवाद ज्ञापित किया है l इन अवसरों पर जिला महामंत्री विनोद हर्ष , एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष बिन्देश्वरी पैकरा, इंदर भगत, निलेश सिंह, रविकांत ओरांव, कमलेश टोप्पो , रुपेश दुबे, धनंजय मिश्रा एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं पंडों समाज के लोग उपस्थित थे ।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)