अंबिकापुर। खबरी गुल्लक । 14 मार्च।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में पुलिस-कोटवार समन्वय को मजबूत करने के लिए प्रति माह कोटवार सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने बुधवार को थाना परिसर में क्षेत्रीय ग्राम कोटवारों का सम्मेलन आयोजित किया।
बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने कोटवारों को ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों, गुंडा-बदमाशों व निगरानी में रहने वालों की जानकारी तत्काल थाने में साझा करने के विशेष निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम की बारीकियां, जमीन विवाद, झगड़े, दुर्घटनाओं आदि पर सूचना देने पर जोर दिया। कोटवारों को निरंतर संपर्क में रहने और साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल्स व बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति जागरूक रहने की समझाइश दी गई। कोटवारों को ग्रामीणों में साइबर जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित किया।
बैठक में थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा सहित थाना-चौकी के अधिकारी-कर्मचारी व ग्राम कोटवार उपस्थित रहे। इस पहल से ग्रामीण स्तर पर पुलिस की पकड़ मजबूत होने की उम्मीद है।



