ADD

श्री राम मंदिर अंबिकापुर में रियासतकालीन परम्परा का हुआ निर्वहन.. राज परिवार के मानद युवराज आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने गर्भ गृह में पूजा कर खोला पट

0



अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 27 मार्च 2026

अम्बिकापुर शहर के  96 वर्ष पुराने प्रभु श्री राम मंदिर में आज परंपरा अनुसार राजपरिवार की प्रथम पूजा के साथ रामनवमी का पर्व पूरी आस्था एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरगुजा राजपरिवार के मानद युवराज  आदित्येश्वर शरण सिंहदेव  ने पूजा उपरांत दोपहर ठीक 12 बजे मंदिर के गर्भगृह का पट खोलकर प्रकटोत्सव की शुरुआत की। वर्ष 1930 में पूर्व महाराज स्व0 श्री मदनेश्वर शरण सिंहदेव के जन्म पर तत्कालीन सरगुजा रियासत के महाराज स्व0 श्री रामानुज शरण सिंहदेव ने प्रभु श्री राम के मंदिर का निर्माण कराया था। 90 के दशक में अमरकंटक के कल्याण बाबा के अनुरोध पर पूर्व महाराज स्व0 श्री मदनेश्वर शरण सिंहदेव एवं महारानी स्व0 देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव ने श्री राममंदिर को कल्याण आश्रम को दान में दे दिया था। महारानी स्व0 देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव आजीवन इस मंदिर के ट्रस्ट की ट्रस्टी रही थी। रामनवमी के दिन शहर के इस प्रचीन राममंदिर में परंपरा रही है कि सरगुजा महाराज या उनके प्रतिनिधि के द्वारा प्रथम पूजा की जाती है एवं गर्भगृह का पट खोला जाता है। आज दोपहर 12 बजे श्री राममंदिन में पूजा एवं गर्भगृह के पट को खोलने के उपरांत श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने उपस्थित सभी नागरिकों को रामनवमी की बधाई दी । उन्होंने कहा कि रियासतकाल से सरगुजा राजपरिवार की पारिवारिक परंपरा सनातन धर्म की रही है, लेकिन नीति के रुप में परिवार सर्वधर्म सद्भाव पर यकीन करता है। सर्वधर्म सद्भाव के साथ ही परिवार सरगुजा के आदीवासी संस्कृति के परंपराओं को भी अपने पूजा पद्धति में समावेश करता है। उन्होंने कहा कि चाहे रामनवमी में प्रभु श्री राम के मंदिर की प्रथम पूजा हो या नवरात्री में मां महामाया मंदिर में संधि पूजा हो सरगुजा राजपरिवार अपने परिवार के इन सनातनी परंपराओं को पूर्ण करने के लिये कृत संकल्पित है। रामनवमी की पूजा के उपरांत उन्होंने राजपरिवार की ओर से राममंदिर परिसर में आयोजित भंडारे को भी प्रारंभ किया और श्रद्वालुओं को भंडारे के प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक, श्रीमती मधु दीक्षित, श्री विनीत विशाल जायसवाल, श्री जीवन यादव, अमित तिवारी राजा, श्री गुरुप्रीत सिद्धू,नरेन्द्र विश्वकर्मा, श्री चंद्रप्रकाश सिंह, श्री रजनीश सिंह, श्री अमित सिन्हा, नीतीश चौरसिया, उत्तम राजवाड़े, शुभम जायसवाल, शुभेन्दु घोष,  संजर नवाज, आयुष सिन्हा, आकाश यादव आदि उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)