अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
एशिया, यूरोप, भारत, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के कई हिस्सों में आज मंगलवार, 3 मार्च 2026 को वर्ष का पूर्ण चंद्रग्रहण नजर आएगा। भारतीय समयानुसार यह ग्रहण दोपहर 3:20 बजे शुरू होकर शाम 6:48 बजे समाप्त होगा, जिसमें पूर्ण अवस्था दोपहर 4:34 से शाम 5:33 बजे तक चरम पर रहेगी। देश के अधिकांश हिस्सों में चंद्रमा उदय के समय ग्रहण का अंतिम चरण दिखेगा, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों (असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय) और अंडमान-निकोबार में पूर्ण अवस्था का अंतिम भाग भी स्पष्ट नजर आएगा। दक्षिण भारत के चेन्नई व कन्याकुमारी में करीब 31 मिनट तक दृश्यमान रहेगा, वहीं दिल्ली-एनसीआर में 20-25 मिनट, कोलकाता में 1 घंटा 15 मिनट और मुंबई में 5-7 मिनट दिखेगा।
ब्लड मून का मनोरम नजारा
ग्रहण के दौरान चंद्रमा पृथ्वी की उम्ब्रा छाया में लाल-नारंगी 'ब्लड मून बनकर चमकेगा। पृथ्वी के वातावरण से सूर्य की लाल किरणें मुड़कर चंद्रमा को रंग देंगी, जैसा सूर्यास्त में आकाश लाल दिखता है। यह दुर्लभ घटना केवल पूर्णिमा पर संभव है जब सूर्य, पृथ्वी व चंद्रमा एक सीधी रेखा में आ जाएं। अगला ऐसा पूर्ण चंद्रग्रहण भारत में 31 दिसंबर 2028 को ही दिखेगा। लगभग 40% वैश्विक आबादी किसी न किसी चरण में इसे देख सकेगी। नंगी आंखों से सुरक्षित दृश्य होने से खगोल प्रेमी बिना किसी उपकरण के इसका आनंद ले सकेंगे।



