नई दिल्ली।। खबरी गुल्लक।।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय इंदिरा भवन आडिटोरियम नई दिल्ली में 9 मार्च को ओबीसी महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय महिला सम्मेलन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आई मातृशक्ति ने भाग लेकर सामाजिक न्याय और महिला नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ एवं सरगुजा संभाग से भी बड़ी संख्या में मातृशक्ति बहनों ने भागीदारी की, जिनका नेतृत्व ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी गुप्ता ने छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग से आई सभी महिलाओं का परिचय ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जय हिन्द से कराया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की ओर से परंपरागत सम्मान स्वरूप ओबीसी का गमछा ओढ़ाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया।
इस ऐतिहासिक सम्मेलन के सफल आयोजन की प्रमुख कर्ताधर्ता, पिछड़ा वर्ग के महान नेता स्वर्गीय शरद यादव की सुपुत्री सुहासिनी यादव ने भी छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग से आई मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी दूर से बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति यह दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ की महिलाएँ सामाजिक न्याय की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने इसके लिए लक्ष्मी गुप्ता को विशेष रूप से धन्यवाद दिया कि उनके नेतृत्व में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हुई।
सम्मेलन के दौरान मातृशक्ति की प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी-अपनी बात रखी, जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सकारात्मक सहमति जताते हुए कहा कि निकट भविष्य में छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग की महिलाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ भी दी जाएँगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की उपस्थिति ने सम्मेलन को और भी प्रेरणादायक बना दिया। अपने संबोधन में राहुल गांधी जी ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्ग के अधिकारों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उनके विचारों से सम्मेलन में उपस्थित सभी महिलाएँ अत्यंत प्रभावित हुईं। विशेष बात यह रही कि राहुल गांधी जी ने अपने प्रोटोकॉल से अलग हटकर महिलाओं के बीच पहुँचकर उनसे संवाद किया, उनके साथ बैठकर फोटो सेशन कराया और आत्मीयता से बातचीत की। यह उनकी लोकप्रियता और सादगी का परिचायक है कि वे आज भी स्वयं को एक साधारण इंसान मानते हुए जनता के बीच सहज रूप से उपस्थित रहते हैं।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लक्ष्मी गुप्ता द्वारा ओबीसी समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की आवाज़ को आगे बढ़ाने में उनका योगदान सराहनीय है।




