मैनपाट।। खबरी गुल्लक।। महेश यादव।। 25 मार्च 2026
सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र के मूसाखोल जंगल में अज्ञात लोगों द्वारा जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आने से 36 वर्षीय युवक मिश्रा लाल यादव पिता कासी यादव निवासी मूरताडांड बतौली की मौत हो गई,जबकि उसे बचाने के प्रयास में एक युवक मामूली रूप से झुलस गया। यह घटना 24 मार्च 2026 को देर शाम करीब सात से आठ बजे के बीच हुई। इस घटना स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर करंट से सियार की भी मौत हुई है। उसका भी शव पड़ा हुआ मिला।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मिश्रा लाल यादव ट्रक चालक था, मंगलवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ लकड़ी लेने मूसाखोल जंगल आया था। इधर जंगल में अज्ञात लोगों के द्वारा जानवरों के शिकार के लिए सरिया बांधने वाला लोहे का नंगा तार खींच कर करंट प्रवाहित कर दिया गया था। देर शाम होने के कारण यह तार नजर नहीं आया जिससे मिश्रा लाल यादव उसकी चपेट में आ गया। इस घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ में मौजूद एक मित्र उसे बचाते समय झुलस गया।
घटना की सूचना पर मैनपाट थाना प्रभारी मनोज प्रजापति, वन अधिकारी बिंदेश्वरी पैकरा पुलिस और वन अमला के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल में तरंगित तार बिछाने वालों का अभी सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस द्वारा पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखा गया है। घटना से परिजनों में दुखों का पहाड़ टूट गया है। गांव में शोक है।





