सीहोर।। खबरी गुल्लक।।
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुरी गांव में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद के चलते अपने ही हैवान बन गए। अपने ही भतीजे-भतीजी को डंडों से पीट-पीटकर मार डालने का आरोप चाचा हरिसिंह मालवीय और उसके बेटे पर लगा है। घटना उस समय घटी जब दोनों भाई- बहन परीक्षा केंद्र जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 20 वर्षीय शीतल मालवीय और उसके 19 वर्षीय भाई कुलदीप मालवीय के रूप में हुई है। दोनों जगदीश मालवीय के पुत्र-पुत्री थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे आरोपी हरिसिंह ने अपने बेटे के साथ मिलकर रास्ते में दोनों को रोक लिया और लोहे के डंडों से बेरहमी से हमला बोल दिया। गंभीर घायल भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हरिसिंह और जगदीश सगे भाई हैं तथा उनके बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की सूचना पर अनुविभागीय अधिकारी दामोदर गुप्ता और थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।



