अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
शहर के गुरुद्वारा वार्ड क्रमांक 36 में बिजली ऑफिस मोड़ पर स्थित शहरी बस स्टैंड का शेड लंबे समय से नशेड़ियों और आवारा तत्वों का अड्डा बन चुका था। देर रात तक यहां अवांछित उपद्रवियों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे मोहल्लेवासियों में भय का माहौल रहता था। लेकिन अब वरिष्ठ पार्षद मोहम्मद मेराज रंगरेज, जिन्हें प्यार से गुड्डू भाई कहा जाता है, की सतत पहल पर इस बदहाल स्थल का पूर्ण सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। शेड को हटाने के साथ ही यहां रेलिंग, हरी घास और रंग-बिरंगे फूल लगाए जा रहे हैं।
पार्षद मोहम्मद मेराज रंगरेज की यह पहल सराहनीय है। एक ऐसे पार्षद जो केवल वोट के लिए नहीं, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। गुड्डू भाई ने बताया कि तिराहे पर शहरी बस स्टैंड का शेड नशेड़ियों का सुरक्षित अड्डा बन गया था। रात के अंधेरे में यहां शराबी और गुंडे इकट्ठा होकर हंगामा करते थे। स्थानीय निवासियों की शिकायतों को सुनते हुए उन्होंने तुरंत नगर निगम अधिकारियों से बात की और शेड हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करवा दिया। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि अपने वार्ड को सुरक्षित और सुंदर बनाएं। नशेड़ी तत्वों को भगाने के लिए सौंदर्यीकरण सबसे प्रभावी तरीका है।
मोहल्लेवासियों ने पार्षद की तारीफों के पुल बांधे। रामू यादव ने कहा कि गुड्डू भाई ने जो किया है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। पहले रात में घर से बाहर निकलना मुश्किल था, अब यह जगह खूबसूरत लगेगी। इसी तरह, महिला निवासी इतवारी बाई ने बताया हमारी बेटियां अब सुरक्षित खेल सकेंगी। सौंदर्यीकरण कार्य में रेलिंग लगाने के अलावा ,हरे घास ,स्ट्रीट लाइट्स भी लगाई जा रही हैं। यह पहल अंबिकापुर नगर निगम के लिए एक मिसाल है। ऐसे पार्षद जो सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी सामान्य समस्याओं से आगे सोचते हैं, वही शहर को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हैं। मोहम्मद मेराज रंगरेज ने पहले भी वार्ड में सड़क निर्माण, जल निकासी और स्वच्छता अभियान चलाकर अपनी सक्रियता साबित की है। उनकी यह पहल नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता भी फैलाएगी। स्थानीय व्यवसायियों ने भी उनका धन्यवाद किया, क्योंकि अब इस चौराहे पर व्यापार बढ़ेगा। कुल मिलाकर, गुड्डू भाई की दूरदर्शिता से वार्ड 36 न केवल सुरक्षित हुआ, बल्कि शहरवासियों के लिए एक नया गौरव का स्थान बन रहा है। नगर निगम आयुक्त ने भी पार्षद की पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्य शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है।




