दमोह।। खबरी गुल्लक।।
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में भाई दूज के दिन एक ऐसी क्रूर वारदात ने पूरी इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक सनकी ने अपनी बहन के घर जा रहे भरत विश्वकर्मा पर पीछे से हथौड़े से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने ऐसा वीभत्स कृत्य किया, जिसकी कल्पना भी रूह कंपा देने वाली है, उसने मृतक का खून पिया और सिर का मांस तक खाने की कोशिश की। यह घटना न केवल गांव बल्कि पूरे इलाके को दहला देने वाली है।
ऐसे हुई वारदात
भाई दूज के पर भरत विश्वकर्मा अपनी बहन के घर जा रहे थे। समन्ना गांव में घर के बाहर बैठे आरोपी गुड्डा पटेल ने अचानक पीछे से हथौड़े से कई वार किए। भरत मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। चश्मदीदों के अनुसार, यह हमला बेहद क्रूर और बिना किसी उकसावे के किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हत्या के तुरंत बाद आरोपी ने शव के पास रुककर खून चाटा और सिर से मांस नोचने लगा। ग्रामीणों ने यह भयावह दृश्य देखा तो शोर मचाया और पत्थर फेंककर उसे भगाया। आरोपी खेतों की ओर भागा, लेकिन सतर्क ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गुड्डा पटेल पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। इस घटना में उसकी हरकतें किसी साइको किलर जैसी लग रही हैं। दमोह के सीएसपी एच.आर. ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उसके पूरे आपराधिक रिकॉर्ड, मानसिक स्थिति और हमले के पीछे मोटिव की गहन जांच कर रही है। मामले में हत्या, अमानवीय कृत्य आदि सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने यह कहा
स्थानीय निवासी भगवानदास पटेल ने बताया, "घटना के बाद हम मौके पर पहुंचे तो आरोपी मृतक का खून पी रहा था और सिर का मांस खाने की कोशिश कर रहा था। हमने शोर मचाया, पत्थर फेंके, तब जाकर वह भागा। मृतक के भाई विजय विश्वकर्मा ने दर्द भरे लहजे में कहा कि भरत बहन के यहां भाई दूज मनाने जा रहा था। किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पूरा परिवार सदमे में है। गांव में खौफ और गुस्से का माहौल है। ग्रामीण आरोपी को फांसी जैसी कड़ी सजा और ऐसे अपराधों पर त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं।



