अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में थाना गांधीनगर पुलिस ने एक बड़े स्तर पर चल रहे साइबर‑फ्रॉड और धोखाधड़ी से जुड़े बैंक खातों के घोटाले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों ने कमीशन के बदले युवाओं को आर्थिक लाभ दिलाकर उनके बैंक खाते, पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने पास रखने का काम किया और इन खातों को बाद में अवैध रूप से अन्य अपराधियों को बेचकर साइबर और ऑनलाइन फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने में उपयोग होने दिया। इसी म्यूल एकाउंट नेटवर्क के माध्यम से ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ी लाखों रुपये की रकम अलग‑अलग बैंक खातों में डलवाकर अवैध लाभ कमाया जा रहा था। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर, निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर ,महिला आरक्षक प्रिया रानी , आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, ऋषभ सिंह, अनुज जायसवाल, आनंद केरकेट्टा, लालदेव, जितेश साहू, अमन पुरी, विकास एक्का, शिव टोप्पो सक्रिय रहे।
इस तरह हुई कार्रवाई
19.3.26 को थाना गांधीनगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बनारस रोड स्थित SBI शाखा के द्वितीय तल पर किराए पर रहने वाला एक युवक युवाओं को आर्थिक लाभ का झांसा देकर उनके नाम पर SIM, बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक बनवाकर उनका उपयोग साइबर‑फ्रॉड के लेन‑देन के लिए कर रहा है। इसी आधार पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में गांधीनगर थाना पुलिस टीम ने उस घर पर रेड कर सामान बरामद किया।
यह मिला सामान
- कुल 101 नग पासबुक
- 35 नग ATM कार्ड
- 28 नग चेकबुक
- 03 नग मोबाइल फोन एवं 03 SIM कार्ड
- SIM कार्ड कवर – 08 नग
- ATM कार्ड कवर – 13 नग
- नगद राशि – 01 लाख 36 हजार रुपये
इस तरह की बड़ी संख्या में पासबुक‑एटीएम‑चेकबुक की बरामदगी देखने में अक्सर ऐसे नेटवर्क की पहचान होती है जो धोखाधड़ी और फंड लॉन्ड्रिंग के लिए फ्रंट‑आईडेंटिटी खातों का उपयोग करते हैं।
मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता और उसके साथी
प्रमुख आरोपी राहुल गुप्ता 20 वर्ष पिता राजेश गुप्ता मूल निवास शिवा पार्क, रेनुकूट, थाना पिपरी, जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश, तथा हाल मुकाम सुभाषनगर, बनारस रोड, SBI शाखा के द्वितीय तल पर थाना गांधीनगर क्षेत्र। राहुल गुप्ता ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने साथियों आशुतोष शर्मा और विकास किर्तनिया के साथ मिलकर कमीशन के लालच में युवाओं के बैंक खातों की व्यवस्था कर उन खातों में फ्रॉड से जुड़ी रकम जमा करवाकर लाखों रुपयों की धोखाधड़ी की। जिससे अन्य दो आरोपी विकास किर्तनिया, पिता रवि किर्तनिया 26 वर्ष निवास ग्राम चठिरमा थाना गांधीनगर , आशुतोष शर्मा, पिता घनश्याम शर्मा 20 वर्ष, निवास वार्ड नं. 5, पानी टंकी के पास गोधनपुर को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 3 मोबाइल भी जप्त किए गए, जो संभवतः फ्रॉड‑ऑपरेशन के लिए उपयोग हो रहे थे। पुलिस ने धारा 318(4), 317(4) तथा 61(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।



