ADD

अंबिकापुर के गांधी चौक से रेलवे स्टेशन फोरलेन सड़क निर्माण में देरी, भाजपा पार्षद मनोज गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल.!. कहा - भूमि चिन्हांकन के बाद निर्माण के बजाए क्या बारिश का इंतजार कर रहा है विभाग...

0


अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 1 अप्रैल 2026।। 

 सरगुजा जिले के हृदय स्थल अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर लंबे फोरलेन सड़क चौड़ीकरण का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट स्वीकृति के बाद भी ठप पड़ा है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत इस योजना में भूमि चिन्हांकन पूरा हो चुका है, लेकिन निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग ने अब तक काम शुरू नहीं किया  है। नगर निगम अंबिकापुर के माता राजमोहिनी देवी वार्ड के पार्षद एवं भाजपा नेता मनोज गुप्ता ने इस देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आगामी डेढ़-दो महीनों में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी, जिससे यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट  लंबे समय के लिए अटक सकता है।

 कलेक्टर अजीत वसंत  द्वारा 12 फरवरी 2026 को जारी दो महत्वपूर्ण आदेश में अंबिकापुर के  गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक फोरलेन चौड़ीकरण कार्य लंबाई  5.54 किमी के लिए संयुक्त सीमांकन दल और अन्य आवश्यक कार्यवाही हेतु अधिकारियों व कर्मचारियों की समितियों का गठन किया गया था। 

पहले आदेश में आयुक्त नगर पालिक निगम, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग  संभाग अंबिकापुर, नजूल अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कार्यपालन अभियंता छ.ग. ग्रा.रा.वि.वि.म. कम्पनी, उप वन मंडलाधिकारी और तहसीलदार अम्बिकापुर को समिति में शामिल किया गया। 

दूसरे आदेश में नजूल अधिकारी कार्यालय से रामदेव यादव, सरयू राम पैंकरा, विजय कुमार श्रीवास्तव, आशीष गुहा सभी राजस्व निरीक्षक नजूल, तहसीलदार कार्यालय से त्रिभुवन सिंह, उपेन्द्र सिंह, अंजू व्यास, शारदा सिन्हा, शिव कुमार टोप्पो सभी पटवारी, लोक निर्माण विभाग से सतीश साहू, बदन सिंह कंवर उप अभियंता,  प्रवेश राजवाड़े स्थल सहायक,  ग्रा.रा.वि.वि.म. कम्पनी से अक्षय कुमार सहायक अभियंता, सुशील लकड़ा, कुलदीप लकड़ा लाईनमेन,  तथा वन मंडलाधिकारी कार्यालय से दिनेश टोप्पो उप वन क्षेत्राधिकारी, संदीप किण्डो, अली अहमद वनरक्षक को जिम्मेदारी सौंपी गई। इन समितियों को 15 दिनों के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था।

 कलेक्टर के निर्देशों के बाद भूमि चिन्हांकन का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य प्रारंभ न होने से स्थानीय निवासियों में भारी असंतोष व्याप्त है। इस सड़क का चौड़ीकरण जिले की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और आर्थिक विकास को गति देने के लिए अत्यंत आवश्यक है। गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक का यह मार्ग शहर का प्रमुख धमनी है, जहां रोजाना हजारों वाहन आवागमन करते हैं। संकुचित सड़क के कारण जाम, दुर्घटनाएं और समय की बर्बादी आम हो चुकी है।

भाजपा पार्षद मनोज गुप्ता ने इस देरी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि कलेक्टर अजीत वसंत  के सटीक निर्देशों पर भूमि चिन्हांकन हो चुका है। सब कुछ तैयार है, लेकिन लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से प्रोजेक्ट ठप पड़ा है। आगामी डेढ़- दो महीनों में बारिश शुरू हो जाएगी, जिससे मिट्टी की खुदाई और निर्माण असंभव हो जाएगा। यह विभाग की घोर लापरवाही है। जनता का समय और धन बर्बाद हो रहा है। गुप्ता ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पार्षद ने स्थानीय निवासियों के बीच भी इस मुद्दे को उठाया, जहां व्यापारी वर्ग ने सड़क चौड़ीकरण से व्यापार में वृद्धि की उम्मीद जताई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रोजेक्ट न केवल यातायात सुधारने वाला है, बल्कि पर्यटन और उद्योगों को भी बढ़ावा देगा। रेलवे स्टेशन से जुड़ाव के कारण प्रवासी मजदूरों व यात्रियों को विशेष लाभ होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून से पहले कम से कम आधारभूत कार्य शुरू हो जाना चाहिए था। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ तकनीकी बाधाओं का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक बयान का इंतजार है।

कलेक्टर अजीत वसंत  पहले ही सख्त निर्देश जारी कर चुके हैं। अब सवाल यह है कि क्या लोक निर्माण विभाग प्रोजेक्ट को गति देगा या मानसून तक देरी बढ़ेगी। स्थानीय जनता उम्मीद कर रही है कि शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि फोरलेन सड़क का सपना साकार हो सके।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)