ADD

वारदात: दिनदहाड़े HPCL के बायो गैस प्लांट के मुख्य प्रबंधक और उप प्रबंधक की गोली मार हत्या, पूर्व ऑपरेटर गिरफ्तार

0

बदायूं।। खबरी गुल्लक।।13 मार्च 2026।।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड  के कम्प्रेस्ड बायोगैस  प्लांट में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। प्लांट के मुख्य प्रबंधक सुधीर गुप्ता 55 वर्ष और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा 40 वर्ष की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस दोहरी हत्या के आरोपी पूर्व ऑपरेटर अजय प्रताप सिंह  को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वित्तीय अनियमितताओं के कारण नौकरी से निकाले जाने के बाद आरोपी का दोनों अधिकारियों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह घटना स्थानीय इलाके में दहशत फैला रही है और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

वारदात दोपहर करीब 2 बजे प्लांट परिसर में हुई, जब बैठक चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी अजय प्रताप सिंह ने प्लांट की ही बोलेरो गाड़ी लूटी और उसी में सवार होकर गेट तोड़ते हुए अंदर घुसा। गाड़ी कर्मचारियों को लाने- ले जाने के लिए इस्तेमाल होती थी, जिसमें चालक समेत तीन कर्मचारी सवार थे। अजय ने उनकी पिटाई की, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और सीधे अधिकारियों की मीटिंग रूम में घुस गया। वहां मौजूद सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा पर उसने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनते ही अन्य कर्मचारी भागे, लेकिन अजय ने प्लांट से बाहर निकलते हुए फिर फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अजय प्रताप सिंह सैजनी गांव का ही निवासी है और यही प्लांट का पूर्व ऑपरेटर था। करीब छह महीने पहले वित्तीय गड़बड़ियों जैसे बायोगैस उत्पादन में फर्जीवाड़ा और राजस्व चोरी के आरोप में कंपनी ने उसे बर्खास्त कर दिया था। तब से वह लगातार अधिकारियों से बदला लेने की धमकियां दे रहा था। इतना ही नहीं, 6 फरवरी को भी अजय प्लांट में घुसा था और सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा पर लाठियों से हमला कर चुका था। उस समय मामला दर्ज हुआ था, लेकिन अजय फरार हो गया था। पुलिस का मानना है कि हत्या इसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। उसके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और लूटी गई बोलेरो बरामद हुई है।

बदायूं एसपी मनोज कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फोर्स ने मौके पर पहुंचकर अजय को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूरे प्लांट क्षेत्र को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संग्रह शुरू कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का गाड़ी लूटना और अंदर घुसना कैद है। पुलिस अब अजय के संभावित साथियों की तलाश कर रही है और उसके घर पर छापेमारी की गई है। सुधीर गुप्ता उत्तर प्रदेश के मूल निवासी थे, जबकि हर्षित मिश्रा हाल ही में प्लांट जॉइन किए थे। दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। HPCL ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जांच में पूरा सहयोग का भरोसा दिलाया है।




एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)