अम्बिकापुर।। 17 अप्रैल 2026।। खबरी गुल्लक ।।
जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा दिनेश कुमार झा ने न्यू डीपीएस सरगंवा के प्राचार्य और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पालक- शिक्षक बैठक में जांच के दौरान CBSE Affiliation Bye-Laws 2018 के क्लॉज 2.4.7 का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया, जिसमें नर्सरी से 8वीं तक NCERT किताबें न पढ़ाने और महंगी प्राइवेट किताबें थोपने का मामला सामने आया। इसके चलते संस्था पर 638 छात्रों से वसूली गई कुल फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है।
जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा द्वारा 17.4.2026 को जारी नोटिस जारी में उल्लेख है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरगंवा के प्राचार्य संजीव कुमार सिंह और शिकायत शाखा प्रभारी अखिलेश सोनी ने 15 अप्रैल 2026 को आयोजित पालक-शिक्षक बैठक में जांच की। पालकों और शिक्षकों से बातचीत तथा दस्तावेजों से यह तथ्य प्रमाणित हुएकक्षा 1 से 8वीं तक की सभी किताबें व कॉपियां मेसर्स एमपी डिपार्टमेंटल स्टोर अम्बिकापुर से बंडल के रूप में जबरन खरीदवाई गईं।
CBSE नियमों का उल्लंघन कर नर्सरी से 8वीं तक NCERT किताबें नहीं चलाई जा रहीं, बल्कि महंगी प्राइवेट पब्लिशर की किताबें पढ़ाई जा रही हैं। संस्था द्वारा अभिभावकों पर एक निश्चित दुकान से किताब- कॉपी सेट खरीदने का प्रत्यक्ष दबाव बनाया गया। स्कूल बैग का वजन नीति के विरुद्ध भारी पाया गया। उदाहरणस्वरूप, कक्षा 1 के छात्र आयन मंडल वजन 18 किलो का बैग 6 किलो का था, जो नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत स्कूल बैग पॉलिसी में निर्धारित बच्चे के वजन के 10% यानी 1.8 किलो से कहीं अधिक है। पालकों ने शिकायत की कि छोटी कक्षाओं में पाठ्यक्रम अत्यधिक है, जिससे बच्चों की मानसिक सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य/प्रबंधक को पत्र प्राप्ति के 2 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अभिभावक संगठनों ने इसे शिक्षा व्यवस्था में व्यावसायिकरण का उदाहरण बताते हुए जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



