अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 12 अप्रैल 2026
सरगुजा में उन्नत कृषि एवं उद्यानिकी के लिये मशहूर करजी कृषि फार्म के द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संकल्प 2026 का आज समापन हो गया। करजी फार्म ने कृषि एवं उदृयानिकी में नवीन तकनीक के माध्यम से कम लागत में अधिक मुनाफे के थीम को ध्यान रखकर यह आयोजन 10 अप्रैल से प्रारंभ किया था जो आज समाप्त हुआ। तीन दिन के इस आयोजन में पूरे देश के साथ ही साथ नेपाल से आये 18341 किसानो ने अपनी सहभागिता दी। आज आयोजन के अंतिम दिन के मुख्य आकर्षण वी0एन0आर0 कंपनी के मैनेजिग डायरेक्टर श्री विमल चावडा रहे। उन्नत कृषि एवं उद्यानिकी के साथ ही बीज प्रसंस्करण एवं कृषि क्षेत्र में शोध की दृष्टी से उन्होंने छत्तीसगढ का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उन्हें ग्राफ्टिंग तकनीक का जनक माना जाता है।उनके आगमन की जानकारी होने एवं उन्हें सुनने के लिये आज करजी फार्म के आयोजन स्थल ग्राम सरगांवा में किसानो की भारी भीड जमा हुई थी। अपने व्याख्यान में किसानो के समस्याओं पर सवाल लेते हुए उन्होंने न केवल अपने जवाब से उन्हें संतुष्ट किया साथ ही साथ उन्होंने सरगुजा क्षेत्र के जलवायु एवं मृदा को ध्यान रखते हुए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी उन्हें दिये। उन्होंने कहा कि परंपरागत कृषि के बजाय क्षेत्र के मौसम को ध्यान रखते हुए उचित ग्राफ्टेड फसलों का चयन कर खेती को मुनाफे के व्यवसाय में बदला जा सकता है। उन्होंने ग्राफ्टिंग तकनीक पर बारीक जानकारी देते हुए किसानो को बताया कि किस प्रकार से कम नुकसान में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। तीन दिन तक चले इस आयोजन में कृषि क्षेत्र की देश की कई जानी मानी कंपनियों ने हिस्सा लेकर आयोजन में सहभागिता लेने वाले कृषकों को कृषि तकनीक की जानकारी दी। इनमें ऑय बी ग्रुप, यारा, एरीज इंडिया लिमिटेड, सवाना सीड्स , सिंजेंटा इंडिया, बायर क्रॉप साइंस, जैन एग्रो, इंसेक्टिसाइड इण्डिया, नादवंत नॅशनल सीड्स, वेलकम सीड्स, सनशाइन सीड्स, नाथ बायो गोंडवाना जड़ी बूटी, कलश सीड, रैल्लीसँ इंडिया, नूनहेम, इंडोफिल, मधु वर्षा, समर्थ सीड्स, हर्ष इंटरप्राइजेज, धानुका इंडिया, अंकुर सीड्स, पेस्ट कंट्रोल इंडिया, श्रीराम बीओसीड, भारत अग्रि, इंसेक्टिसाइड इंडिया, सीआरआइ, ट्रिडेंट के अलावा महेंद्रा ट्रैक्टर, कुबोटा ट्रैक्टर जैसे कंपनियां प्रमुख रुप से मौजूद रही। करजी फार्म के संचालक राकेश गुप्ता ने तीन दिन तक चले इस सफल आयोजन के लिये आयोजन में शामिल होने वाले कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञों, किसानो एवं कंपनियों को धन्यवाद दिया है।



