अंबिकापुर/लखनऊ।। खबरी गुल्लक।। 12 अप्रैल 2026
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ओबीसी विभाग द्वारा सामाजिक क्रांति के प्रणेता महात्मा ज्योतिबा फुले जी की 200वीं जयंती को वैज्ञानिक जाति जनगणना दिवस के रूप में भव्य रूप से मनाया गया। इस विशाल कार्यक्रम में देशभर से हजारों कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए, जहां सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान पर जोर दिया गया।
इन्होंने भी शिरकत
कार्यक्रम में ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र बघेल, शाहनवाज़ आलम, सुशील पासी, झारखंड प्रभारी के. राजू, ओडिशा प्रभारी अजय कुमार लल्लू, सीएलपी लीडर आराधना मिश्रा, अनुसूचित जाति विभाग चेयरमैन राजेंद्र गौतम, यूपी पिछड़ा वर्ग विभाग अध्यक्ष मनोज यादव, तेलंगाना मंत्री पोन्नम प्रभाकर, कमलेश्वर पटेल, सांसद राकेश राठौर, पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष वरुण चौधरी, पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा, विधायक वीरेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, एआईसीसी सचिव विदित चौधरी और पूर्व मंत्री मसूद अहमद समेत अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा फुले के विचारों शिक्षा प्रसार, स्त्री-शिक्षा और जातिगत भेदभाव उन्मूलन को याद करते हुए वैज्ञानिक जाति जनगणना की मांग को तेज किया, इसे समान अवसर और न्यायपूर्ण नीतियों का आधार बताया।
लक्ष्मी गुप्ता का सराहनीय योगदान
कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही AICC ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक और सरगुजा अंचल छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मी गुप्ता को सौंपी गई मंच संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी। AICC ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक श्री गुप्ता ने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व, उत्कृष्ट संचालन कौशल और संतुलित समन्वय से पूरे आयोजन को ऊर्जावान व सुव्यवस्थित बनाए रखा। भूपेश बघेल, अनिल जयहिंद जैसे शीर्ष नेताओं ने उनके प्रदर्शन की खुलकर सराहना की, जो सरगुजा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए गौरव का विषय है। श्री गुप्ता का यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, पार्टी के प्रति निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता का प्रमाण है, जो स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय पटल तक पहुंच चुके हैं। देशभर से आए कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कांग्रेस की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। महात्मा फुले के सत्यशोधक आंदोलन से प्रेरित होकर पार्टी वंचितों, ओबीसी, एससी-एसटी के अधिकारों की लड़ाई तेज करेगी।






