राजनांदगांव।।खबरी गुल्लक ।।
चटिया-मटिया तंत्र-मंत्र और शेयर मार्केट के नाम पर पैसे दोगुने करने का झांसा देकर करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। यह धोखाधड़ी इतनी गहरी थी कि पीड़ित ने आर्थिक कर्ज के बोझ तले आत्महत्या कर ली।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह ने मीडिया को बताया कि पीड़ित कोमल साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को मानसिक तनाव के कारण जहर पी लिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मर्ग जांच में उनके पास से एक सुसाईड नोट मिला। इसके बाद पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अजीज खान ने कोमल साहू को शेयर मार्केट में निवेश और तंत्र- मंत्र के चमत्कार से रकम दोगुनी करने का लालच दिया। इसी बहाने उसने करीब 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। पैसे वापस न मिलने और कर्जदारों के दबाव से कोमल अत्यधिक तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। इंदौर से उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अजीज ने नकद और बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये ऐंठना कबूल किया। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 108, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



