अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 1 अप्रैल 2026।।
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत एवं डीआईजी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसएसपी ने जेल परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भी अवलोकन किया और आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी बंदी बैरकों की सघन जांच की, जहां किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री नहीं पाई गई।
स्वास्थ्य और पोषण पर जोर
कलेक्टर श्री वसंत ने जेल अस्पताल का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। विशेष रूप से मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों के समुचित उपचार और महिला वार्ड में रह रहे बच्चों के समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता की जांच
अधिकारियों ने जेल की पाकशाला (किचन) और उद्योग इकाई का भी निरीक्षण किया। बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई, इसके साथ ही जेल परिसर और बैरकों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहतर मिली।ननिरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत,नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत, उप जेल अधीक्षक आर.आर. मातलाम सहित जेल प्रबंधन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



