सूरजपुर।। खबरी गुल्लक।। भूपेंद्र राजवाड़े
1 अप्रैल 2026। 1
सूरजपुर कलेक्टर एस जयवर्धन की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न निर्माण विभागों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन, हाउसिंग बोर्ड, विद्युत विभाग एवं विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं ने भाग लिया।
बच्चों को मिले सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण
बैठक में सर्वप्रथम आदिम जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित कन्या एवं बालक छात्रावास, पोस्ट मैट्रिक आदिवासी छात्रावास एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री जयवर्धन ने छात्रावासों में व्याप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण करने एवं आवश्यक मरम्मत कार्य बिना विलंब पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि इन संस्थाओं में रहने वाले बच्चों को स्वस्थ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
जर्जर पुलों पर हो शीघ्र नया निर्माण
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों से जिले के समस्त पुलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने नियमित जाँच एवं समुचित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में जिन पुलों की स्थिति जर्जर हो चुकी है, वहाँ जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्रातिशीघ्र नए पुलों का निर्माण कराया जाए।
लोक निर्माण विभाग — फील्ड में उतरें अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क मरम्मत, सड़क चौड़ीकरण, स्कूल भवन, बाउंड्री वॉल एवं छात्रावास निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को कार्यालय से निकलकर फील्ड में जाने और कार्यों की प्रत्यक्ष निगरानी करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही नई सड़कों के निर्माण हेतु समस्त आवश्यक प्रक्रियाएँ शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए।
किसान हितों को प्राथमिकता, स्वास्थ्य एवं आवास पर भी नज़र
विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषक हितों से जुड़े विद्युतीकरण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन एवं हाउसिंग बोर्ड के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी गहनता से समीक्षा की गई और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता, मॉनिटरिंग और समयबद्धता — तीनों से कोई समझौता नहीं
बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री जयवर्धन ने समस्त विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में निर्माणाधीन समस्त कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को इन कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में सतत मॉनिटरिंग, कड़ा गुणवत्ता नियंत्रण एवं पूर्ण समयबद्धता — इन तीनों बिंदुओं पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।



