ADD

कोई टाइटल नहीं

0



अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक ।। 27 अप्रैल 2026।।

महिलाओं को विधायिका में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाले ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के विरोध में इंडिया गठबंधन के नेताओं के रुख के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर रविवार शाम संकल्प भवन, भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में सैकड़ों महिलाओं ने एकजुट होकर महिलाओं के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।

कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह और जन आक्रोश महिला सम्मेलन की प्रदेश प्रभारी श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शुभांगी बिहाडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय घड़ी चौक पहुंचकर पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन न केवल विधेयक के समर्थन में था, बल्कि महिलाओं के अधिकारों पर हो रहे कथित प्रहार के खिलाफ सड़क पर उतरने का संदेश भी दे रहा था।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए महापौर मंजूषा भगत ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक महिलाओं को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कदम है। इसका विरोध करने वाले इंडिया गठबंधन के नेता न केवल विधेयक का अपमान कर रहे हैं, बल्कि लाखों महिलाओं के सम्मान पर भी चोट पहुंचा रहे हैं। भाजपा हमेशा महिलाओं के हक की रक्षा के लिए डटकर खड़ी रहेगी। उन्होंने महिलाओं से इस विधेयक के पक्ष में एकजुट होने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने अपने संबोधन में विधेयक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विधेयक महिलाओं को विधायिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर सच्ची नारी शक्ति को मजबूत करेगा। कांग्रेस का विरोध महिलाओं के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और दृढ़ता से इसका मुकाबला करेंगे। भाजपा की महिलाएं किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगी।

प्रदेश प्रभारी दिव्या सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश स्तर पर चल रहे जन आक्रोश महिला सम्मेलन के माध्यम से हम नारी शक्ति के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। राहुल गांधी का यह रवैया महिलाओं के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र है। भाजपा की बहनों ने सड़क से लेकर संसद तक लड़ने का संकल्प लिया है। यह पुतला दहन इसी लड़ाई का प्रतीक है।

जिला अध्यक्ष शुभांगी बिहाडे ने समापन उद्बोधन में स्पष्ट संदेश दिया , भाजपा महिला मोर्चा जिला संगठन नारी शक्ति वंदन विधेयक के पूर्ण समर्थन में एकजुट है। पुतला दहन के जरिए हमारा संदेश साफ है- महिलाओं का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं होगा। हम हर स्तर पर इस विधेयक को पास कराने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

कार्यक्रम का संचालन प्रियंका चौबे और नीलू गुप्ता ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि आभार ज्ञापन के साथ इसका समापन हुआ। इस मौके पर युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रिया सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष निशांत सिंह (सोलू), एमआईसी सदस्य ममता तिवारी, प्रियंका गुप्ता, पार्षद किरण सिंह तोमर, रजनी बिंद, नीलम राजवाड़े, पूनम टेकाम, बबली नेताम, सरस्वती यादव, शालिनी सिंह, रूपा गुप्ता, हीरमैन राजवाड़े, कौशल्या राजवाड़े, अल्पना मिश्रा, बिना दुबे, हेमलता शर्मा, अविनाश मंडल, रीना भारती, नेहा सोनवानी, जतिन परमार, रवि विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)