अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
अंबिकापुर के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने सरगुजा प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ पुलिस महानिदेश अरुण देव गौतम को ज्ञापन सौंप अंबिकापुर में यातायात थाना और महामाया मंदिर खैरवार क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने मांग की।
संभागीय मुख्यालय है जहां यातायात पुलिस थाना की कमी के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम और वाहनों का अंबार लगा रहता है। आलोक दुबे के पत्र में कहा गया है कि राज्य के अन्य संभागों में ऐसी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद सरगुजा में इसकी अनुपस्थिति से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। आये दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी होती है। स्कूल -कॉलेज जाने वाले छात्रों से लेकर व्यापारियों तक सभी प्रभावित हैं, श्री दुबे ने पत्र में उल्लेख किया। विशेषज्ञों के अनुसार, शहर की बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात थाने की स्थापना न केवल जाम कम करेगी बल्कि दुर्घटनाओं को रोकने में भी मददगार साबित होगी।
इसी तरह अम्बिकापुर शहर से सटे महामाया मंदिर और खैरवार क्षेत्र में भी सुरक्षा की घोर कमी है। यहां रोजगार के लिए आने वाले श्रमिकों और तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने से मारपीट, लूटपाट जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। आलोक दुबे के अनुसार, यह क्षेत्र संवेदनशील हो चुका है और आवाजाही के बढ़ते दबाव के कारण पुलिस चौकी की नितांत आवश्यकता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात के समय इस इलाके में अंधेरा और असुरक्षा का माहौल रहता है, जिससे महिलाएं और व्यापारी विशेष रूप से भयभीत रहते हैं। महामाया मंदिर, जो धार्मिक पर्यटन का केंद्र है, वहां भीड़ प्रबंधन के अभाव में हादसे का खतरा मंडरा रहा है। पत्र में पुलिस महानिदेशक से अनुरोध किया गया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए। सरगुजा संभाग के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की मांग उठ रही है, जहां विकास के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है।



