संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में माता राजमोहिनी देवी वार्ड क्रमांक 12 के नमनाकला नालापारा के रहवासियों की वर्षों पुरानी सड़क की मांग आज पूरी हो गई। वार्ड के युवा और जुझारू पार्षद मनोज गुप्ता के नेतृत्व में सड़क निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। वार्ड वासियों का कहना है कि सड़क नही होने के चलते बरसात के दिनों में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता था। सड़क पर जल भराव के साथ कीचड़ लोगों के लिए मुसीबत बन रही थी। मोहल्लेवालों का कहना है कि नगर निगम में बीते 10 वर्षों के कांग्रेस शासन काल में उनकी मांग अधूरी रही, जनप्रतिनिधि और अधिकारी केवल आश्वासन देते रहे मगर काम नहीं हुआ। निगम में भाजपा की सरकार आने के साथ पार्षद मनोज गुप्ता के द्वारा चुनाव के दौरान किया गया हर वादा पूरा किया जा रहा है। न सिर्फ सड़क बल्कि नाली निर्माण भी चल रहा है। वार्ड वासियों ने पार्षद मनोज गुप्ता के प्रति आभार प्रकट किया।
युवा पार्षद मनोज गुप्ता ने खबरी गुल्लक से चर्चा करते हुए बताया कि मेरे विशेष आग्रह पर महापौर श्रीमति मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी एवं सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हुआ है। जिसका निर्माण कार्य आज प्रारंभ हो गया।उन्होंने कहा कि निर्माण से वार्ड वासियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। जनसेवा के संकल्प के साथ वार्ड विकास की दिशा में निरंतर कार्य जारी रखेंगे।




