अंबिकापुर।खबरी गुल्लक।।
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के गांधीनगर स्थित कमोदा रिसॉर्ट निर्माण में करीब 42 डिसमिल शासकीय भूमि पर हुए अवैध ढांचे को ध्वस्त करने आज प्रशासन तोडू दस्ते ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग की टीम पहुंची और मुख्य भवन के आसपास किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया। विदित हो कि कमोदा रिसॉर्ट निर्माण में 42 डिसमिल शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा होने का आरोप एक व्यक्ति के द्वारा लगाते हुए कलेक्ट से शिकायत की गई थी। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग के द्वारा जांच करते हुए शिकायत सही पाए जाने पर कमोदा रिसॉर्ट के संचालक राजेश गुप्ता को बेदखली का अंतिम नोटिस जारी किया गया था और दो दिन पूर्व अतिक्रमण हटाने जेसीबी के साथ पहुंचे थे। इस दौरान कमोदा रिसॉर्ट के संचालक द्वारा दो दिन का समय मांगा गया था। Sdm वनसिंह नेताम के द्वारा यह मोहलत दिया गया था। यह मियाद पूरी होने के बाद आज सोमवार 11 मई 2026 को तोडू दस्ता पुनः पहुंचा और अतिक्रमण हटाने कार्रवाई की। इधर एक दिन पूर्व रविवार को कमोदा रिसॉर्ट के संचालक राजेश गुप्ता के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह दावा किया गया था कि निर्माण में किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं है। प्रशासन के द्वारा नोटिस में 42 डिसमिल शासकीय भूमि पर कब्जा की बात कही गई थी मगर यह हिस्सा किस दिशा और कहां पर है यह स्पष्ट नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि दो दिन का समय दिया गया था मगर एक दिन में ही अमला पहुंच गया उन्होंने कार्रवाई को एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताया था। इधर SDm वनसिंह नेताम ने खबरी गुल्लक से कहा है कि कलेक्टर के निर्देश में राजस्व विभाग के द्वारा जांच में 45 डिसमिल शासकीय भूमि पर कब्जा होने की पुष्टि होने के बाद ही नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई है।



