ADD

क्या परिवार की बेरुखी से प्रेमी जोड़े ने की थी आत्महत्या... सरगुजा में मिले दो नर कंकाल की गुत्थी अभी भी अनसुलझी..! पहचान के लिए अब होगा DNA टेस्ट

0

अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।

सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के जमुनी जंगल में दो नर कंकाल मिलने से न सिर्फ सनसनी है बल्कि लोगों के जेहन में ढेरों सवाल उठ रहे हैं। धौरपुर क्षेत्र के ही दो परिवारों के द्वारा यह दावा किया गया है कि यह कंकाल युवक युवती का है। यह बताया जा रहा है कि युवती गोंड जाति की थी जबकि युवक पहाड़ी कोरवा परिवार से संबंध रखता था। दोनों आपस में प्रेम करते थे और साथ जीने मरने की कसमें खाते थे। मगर ग्रामीण अंचल में जातिवाद हावी होने के कारण दोनों परिवार इनकी शादी के लिए राजी नहीं हो रहे थे। परिवार से शादी के लिए साथ नहीं मिलने पर दोनों करीब 6 साल पहले रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। 

लंबे इंतजार के बाद पिता पहुंचा थाने 

इधर युवक के पिता ने 3 साल बाद 13 मई 2023 धौरपुर थाना में पुत्र के गुमशुदा होने की सूचना दर्ज कराई। विलंब के पीछे पिता ने तर्क दिया था कि उन्हें अनुमान था कि पुत्र अपनी प्रेमिका को लेकर भाग गया है और कुछ दिन में लौट आयेगा,  मगर इंतजार करते कई दिन गुजर गए न पुत्र लौटा न युवती। जिससे उन्होंने स्वयं ढूंढने का निर्णय लिया और कई गांव, शहर का खाख छानने के बाद हार कर घर पहुंचा, पिता हिम्मत हार चुके मगर उन्हें यह उम्मीद थी कि एक दिन पुत्र जरूर लौट कर आयेगा। 

पहचान पर संशय बरकरार 

इस तरह तीन साल गुजर गए फिर भी पुत्र के नहीं लौटने पर पिता ने 13 मई 2023 को थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराया। यह मामला प्रकाश में आने के बाद  पुलिस ने भी उन्हें ढूंढने का प्रयास किया था, मगर कामयाबी नहीं मिलने पर ठंडे बस्ते में डाल दिया। यह प्रेमी जोड़े कहां है या जो कंकाल मिला है वह इन लापता प्रेमियों का है या नहीं इनकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। 

दो परिवार ने यह किया दावा

धौरपुर क्षेत्र से लापता हुए प्रेमी जोड़े के  परिवार के सदस्यों को जब जमुनी जंगल में दो नर कंकाल मिलने की जानकारी मिली तो वे भी भागते हुए वहां पहुंचे। कंकाल के साथ कपड़े भी थे। लापता युवक युवती के  परिजनों ने कपड़ा के आधार पर यह दावा किया कि यह कंकाल लापता युवक युवती का ही है। मगर परिजनों के इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

एक दूसरे से चिपका था कंकाल

धौरपुर के जमुनी जंगल में चूहा पकड़ने गए वनवासियों की नजर पहाड़ी नाला किनारे पुटुश झाड़ी के नीचे पड़े दो नर कंकाल पर पड़ी। यह नजारा देख वनवासी वापस बस्ती की ओर भागे,यह खबर जंगल में लगी आग की तरह गांव में फैल गई। सूचना पर धौरपुर थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। नजारा देख पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट भी पहुंचे। दोनों कंकाल एक दूसरे से चिपके हुए थे। पुटुश की जड़ें कंकाल में फैल चुकी थी। जिससे पुलिस ने अनुमान लगाया कि संभवतः दोनों ने जहर पी आत्महत्या की होगी, अंतिम समय में दोनों साथ ही होंगे। हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि दोनों की हत्या हुई या यह आत्महत्या का मामला है। 

DNA से होगी मृतकों की पहचान 

धौरपुर थाना प्रभारी ने खबरी गुल्लक से चर्चा करते हुए बताया कि दोनों नर कंकाल पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर भेजे गए हैं। मेडिकल कॉलेज में दोनों का पोस्टमार्टम होगा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के द्वारा दोनों कंकाल को अपनी बेटी ,बेटा का होने की संभावना जताई जा रही है, उनका मृतकों से संबंध की पुष्टि के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा। संभावित माता पिता और कंकाल का सैंपल बिलासपुर लैब भेजा जाएगा।




एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)