ADD

सरगुजा में अंधड़ ने मचाई भयंकर तबाही, दर्जनों पेड़ गिरे, बिजली खंभे ध्वस्त, घरों के छप्पर उड़े.. जनजीवन अस्त व्यस्त

0

 

अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 2 मई 2026।।

 सरगुजा जिले के उदयपुर, लखनपुर, धौरपुर और दरिमा क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाद प्रकृति ने अपना क्रोध दिखाया। तेज अंधड़ के साथ चक्रवाती हवाओं ने कई इलाके में भयंकर तबाही मचाई। सबसे ज्यादा प्रभावित उदयपुर क्षेत्र रहा, जहां 3 दर्जन से अधिक पेड़  उखड़ गए, 20 से ज्यादा बिजली खंभे टूटकर धराशायी हो गए। कई घरों के छप्पर उड़ गए और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।  बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता ग्रामीण रोशन नागवंशी ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से जारी है, लेकिन पूर्ण बहाली में समय लगेगा। यह प्राकृतिक आपदा दोपहर साढ़े 3 बजे शुरू हुई, जब आसमान अचानक काला पड़ गया। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक बताई जा रही है।

 उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय में पेड़ गिरते और बिजली खंभे टूटते चले गए। पूरे इलाके में विद्युत व्यवस्था ठप होने के साथ अंधेरा छा गया।  इसी तरह लखनपुर थाने का बोर्ड उड़कर दूर जा गिरा, खुशकिस्मती से कोई हताहत नहीं हुआ। NH में पेड़ गिरने से अंबिकापुर बिलासपुर मार्ग बाधित हुआ। धौरपुर में आधा दर्जन से अधिक घरों के छप्पर उड़ गए, जिससे ग्रामीणों का सामान भी बर्बाद हो गया। दरिमा क्षेत्र में सड़कों पर गिरे पेड़ों के कारण आवागमन बाधित हो गया, वाहन जाम में फंसते रहे। 

बिजली व्यवस्था सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। उदयपुर में 20 से अधिक खंभे टूटने से दर्जनों गांव अंधेरे में डूब गए। विभाग के कार्यपालन अभियंता ग्रामीण रोशन नागवंशी ने खबरी गुल्लक को बताया तूफान के तुरंत बाद हमारी टीम मौके पर पहुंच गई। गिरे खंभों को हटाकर लाइनें जोड़ने का काम चल रहा है। रविवार तक 80 प्रतिशत इलाके में बिजली बहाल हो जाएगी। बिजली विभाग ने रातभर काम करने का फैसला किया है। नागवंशी ने चेतावनी दी कि बारिश की संभावना बनी हुई है, इसलिए लोग सतर्क रहें।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)