व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच परस्पर संवाद हो स्थापित.. संवाद से बढ़ेगा विश्वास,भय होगा दूर - रविन्द्र तिवारी

व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच परस्पर संवाद हो स्थापित.. संवाद से बढ़ेगा विश्वास,भय होगा दूर - रविन्द्र तिवारी

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।खबरी गुल्लक। 2 सितंबर 2026।

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को होटल अलंकार ग्रीन्स, ब्रह्मरोड, अंबिकापुर में व्यापारी कर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों एवं आयकर विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा आयकर संबंधी विषयों को लेकर व्यापारियों में व्याप्त भ्रांतियों एवं भय को दूर करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  प्रवीण एन. परिहार आयकर अधिकारी अंबिकापुर रहे। कार्यक्रम को CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष  रविंद्र तिवारी एवं




आयकर इंस्पेक्टर एस.पी. पात्रा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने व्यापारियों को आयकर कानून, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, आवश्यक अनुपालन, दस्तावेजों के रख-रखाव तथा आयकर से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। साथ ही व्यापारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष  रविंद्र तिवारी ने कहा कि आयकर विभाग को लेकर व्यापारियों के बीच लंबे समय से एक भय का वातावरण बना रहता है। इस भय के वातावरण को समाप्त करना CAIT का प्रमुख उद्देश्य है। व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच परस्पर संवाद स्थापित हो, व्यापारी अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं को सहजता से विभाग के समक्ष रख सकें तथा विभाग की कार्यप्रणाली और आयकर कानून को लेकर सही जानकारी व्यापारियों तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से ‘व्यापारी कर संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी और आयकर विभाग एक-दूसरे के सहयोगी हैं और सही जानकारी एवं पारदर्शी संवाद के माध्यम से कर अनुपालन को और बेहतर बनाया जा सकता है। CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन श्री अमर परवानी ने कहा कि व्यापारी कर संवाद कार्यक्रम का आयोजन पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में एक साथ, एक ही समय पर सभी जिला मुख्यालयों में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य व्यापारियों को कर संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुगम व्यापार के लिए एक ऐसी भयमुक्त एवं विश्वासपूर्ण प्रणाली तैयार करना है, जिसमें व्यापारी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं संबंधित विभाग के समक्ष रख सकें। इस उद्देश्य को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए CAIT की पूरी प्रदेश टीम को इस अभियान में लगाया गया है और प्रदेश के सभी जिलों में व्यापारियों तक पहुंचकर संवाद स्थापित किया जा रहा है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता CAIT सरगुजा के जिला अध्यक्ष श्री रंजय स्वर्णकार ने की। कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा, दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्री अमित ‘मिंटू’ अग्रवाल, किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री गोपाल अग्रवाल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.के. सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने आयकर से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे, जिनका आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। उपस्थित व्यापारियों ने इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रमों को व्यापारिक समुदाय के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई। CAIT सरगुजा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास, संवाद एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा व्यापारियों के लिए भयमुक्त एवं सुगम व्यापारिक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)