अंबिकापुर। खबरी गुल्लक । 18 सितंबर।
रसूलपुर में किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर प्राणघातक हमला करने और इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले में सरगुजा पुलिस ने चौथे आरोपी को झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता पिता भरदुल साव, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खुटार खुर्द, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई डीआईजी एवं सरगुजा जिले के एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।
मकान देखने के बहाने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति रसूलपुर, अंबिकापुर स्थित सादिया शारीन सिद्दीकी के घर किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। उस समय वे सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से एकजुट होकर वसीरुद्दीन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन सिद्दीकी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
तलाक के मामले को लेकर पूर्व रंजिश
प्रार्थिया सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ अदालत में तलाक का प्रकरण चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में उसके पति ने तलाक का मामला वापस नहीं लेने पर उसे और उसके मायके के परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को इसी पारिवारिक विवाद और पूर्व रंजिश से जोड़कर देख रही है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान प्रकरण में बीएनएस की धारा 103(1), 61(2) और 238 भी जोड़ी गईं।
पहले तीन आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
घटना के बाद पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों और सीमावर्ती मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने प्रकरण में शामिल नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारुद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता के पलामू जिले के चैनपुर क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, एक नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने घटना के समय पहने कपड़ों को रास्ते में फेंकने की जानकारी दी, हालांकि वह कपड़े किस स्थान पर फेंके गए, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पुलिस द्वारा बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को जांच के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच और विवेचना जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, विवेक पाण्डेय, देवनारायण यादव, प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सतीश सिंह, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, शिवमंगल सिंह, कुश सोनी और नगर सैनिक दशरथ राजवाड़े शामिल रहे। साइबर सेल टीम में प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, विकास सिन्हा तथा आरक्षक जितेश साहू, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा की सक्रिय भूमिका रही।







