अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला एड्स नियंत्रण समिति सरगुजा ने विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समय पर एचआईवी जाँच कराने, उपचार के बारे में जानकारी देने और एचआईवी से जी रहे लोगों के प्रति भेदभाव हटाने पर जोर देना है। अधिकारियों ने बताया कि नियमित एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी से एचआईवी को एड्स की स्थिति तक बढ़ने से रोका जा सकता है।
एआरटी दवाएँ शरीर में एचआईवी की मात्रा यानी वायरल लोड कम करती हैं। जब नियमित उपचार से वायरल लोड इतना कम हो जाता है कि जाँच में वायरस का पता नहीं चलता तब यौन संपर्क से साथी को एचआईवी संक्रमित नहीं होता। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार प्रभावी एआरटी लेने वाले और वायरल लोड अनडिटेक्टेबल रखने वाले लोग यौन संपर्क से एचआईवी नहीं फैलाते। विशेषज्ञों का कहना है कि उपचार शुरू करने के बाद दवा बीच में छोड़ना नहीं चाहिए। उपचार नियमित रूप से लेने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि संक्रमण फैलने का जोखिम भी कम होता है।
एचआईवी से जी रहे दंपति भी एचआईवी-मुक्त शिशु के माता-पिता बन सकते हैं। संतान की योजना बनाने से पहले दंपति को एआरटी केंद्र में परामर्श लेने की सलाह दी गई है। गर्भवती महिला को एचआईवी होने पर गर्भावस्था, प्रसव और स्तनपान की अवधि में नियमित दवा तथा चिकित्सकीय देखरेख से शिशु में संक्रमण का जोखिम काफी कम हो जाता है।
राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर से संबद्ध चिकित्सालय के एआरटी केंद्र में एचआईवी उपचार की दवाएँ निःशुल्क उपलब्ध हैं। जिला एड्स नियंत्रण समिति ने लोगों से समय पर जाँच कराने, उपचार जारी रखने और संक्रमित लोगों की गोपनीयता व गरिमा का सम्मान करने की अपील की है।
जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि जागरूकता समय पर जाँच और निरंतर उपचार ही एचआईवी के प्रति सुरक्षित और संवेदनशील समाज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।




