Sarguja: Electricity Transformer and Cable Theft Gang Exposed: सरगुजा में बिजली ट्रांसफार्मर व केबल चोर गिरोह का भंडाफोड़: आरोपी जसीम खान व तशरीफ खान गिरफ्तार, 6 मामलों का खुलासा, 10 लाख का माल जब्त

Sarguja: Electricity Transformer and Cable Theft Gang Exposed: सरगुजा में बिजली ट्रांसफार्मर व केबल चोर गिरोह का भंडाफोड़: आरोपी जसीम खान व तशरीफ खान गिरफ्तार, 6 मामलों का खुलासा, 10 लाख का माल जब्त

khabrigullak.com
By -
0


अंबिकापुर।खबरी गुल्लक 

जिले में बिजली ट्रांसफार्मर, केबल तार एवं अन्य बिजली सामग्री चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना उदयपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से छह चोरी के मामलों का खुलासा किया है, जिनमें थाना उदयपुर में एक, थाना लखनपुर में दो और थाना कमलेश्वरपुर में तीन अपराध दर्ज थे। आरोपियों के कब्जे से पीकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चोरी का सामान तथा चोरी के सामान बेचने से प्राप्त नगदी समेत करीब 10 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया गया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

 रात में ट्रांसफार्मर चोरी करते पकड़ा गया एक आरोपी

पुलिस के अनुसार, दिनांक 4 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच ग्राम गुडगांव, थाना उदयपुर में बिजली गुल होने पर ग्रामीण राजकुमार बाहर निकले। उन्हें आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उन्होंने देखा कि दो-तीन लोग बिजली ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे हैं। ग्रामीणों को सूचना देने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने एक आरोपी जसीम खान को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले। चोरी किए गए ट्रांसफार्मर की कीमत लगभग 35,000 रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना उदयपुर में अपराध क्रमांक 196/2026, धारा 305(ई) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 पूछताछ में खुला गिरोह का नेटवर्क

पकड़े गए आरोपी जसीम खान से पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में सुराग मिले। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी मो. तशरीफ खान एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर तथा केबल तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने पूर्व में भी ऐसी कई चोरियां करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने फरार आरोपी मो. तशरीफ खान की तलाश शुरू की और उसे पीकअप वाहन समेत पकड़ लिया। पूछताछ में उसने भी चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की।

 गिरफ्तार आरोपी


जसीम खान पिता स्व. रशीद खान 28 वर्ष, निवासी हरिगवां थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।

मो. तशरीफ खान पिता मो. जलील खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी हरिगवां, थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके विरुद्ध पहले से कई अपराध दर्ज हैं।

 10 लाख रुपये का मशरुका बरामद

आरोपी मो. तशरीफ खान के कब्जे से पुलिस ने निम्न सामग्री जब्त की है:

- पीकअप वाहन, नंबर UP 64 CT 4079

- नगदी राशि 76,900 रुपये*ल, जो चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त हुई बताई जा रही है

- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

- ट्रांसफार्मर तांबा कॉइल

- केबल वायर, क्लैंप, कनेक्टर, लोहे का एंगल

- वायरिंग बॉक्स, स्टे रॉड, स्टे वायर, धीरी एवं लोहे की पट्टी सहित अन्य बिजली सामग्री 

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान एवं नगदी सहित कुल करीब 10 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया है।

 आगे की कार्रवाई

प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध अपराध के सबूत मिलने पर धारा 111 भारतीय न्याय संहिता भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।पुलिस ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही अन्य थानों से आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी एकत्र की जा रही है। मामले में आगे की जांच एवं विवेचना जारी है।

 कार्रवाई में यह रहे सक्रिय

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भीखम लाल साहू, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक रवि सिंह एवं संजय नागेश, आरक्षक मनीष सिंह, अमन पुरी, अजय शर्मा, रविन्द्र, हेमंत तथा सैनिक नीरज सक्रिय रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)