कोरबा।खबरी गुल्लक
जिले के दर्री थाना क्षेत्र में हसदेव नदी स्थित सर्वेश्वर बांध में 21 वर्षीय लापता युवक अर्जुन सिंह नेटी का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक बांगो थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक धनंजय सिंह नेटी का इकलौता पुत्र था।शनिवार सुबह प्रगतिनगर के समीप मछली पकड़ने पहुंचे कुछ मछुआरों ने पानी में तैरता शव देखा। उन्होंने तत्काल दर्री पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। शव की पहचान के लिए बांगो थाने में पदस्थ ASI धनंजय सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने शव की पहचान अपने 21 वर्षीय पुत्र अर्जुन सिंह के रूप में की। अर्जुन दर्री स्थित कैलाश विहार के एफ-टाइप 819 में रहता था और कमला नेहरू महाविद्यालय का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार में गहरा शोक है।
चार दिन से था लापता
पुलिस को प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन 18 नवंबर को कॉलेज जाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला था, लेकिन वह न तो कॉलेज पहुंचा और न ही घर लौटा। देर शाम तक लौटने पर परिजनों ने नातेदारों और परिचितों से संपर्क कर उसकी तलाश शुरू की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 19 नवंबर को दर्री थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजन लगातार तलाश में जुटे थे।
मोबाइल व बाइक गायब
मामले को संदिग्ध बनाने वाला प्रमुख पहलू यह है कि अर्जुन की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। परिजनों को घटना सामान्य नहीं लग रही है, जबकि पुलिस भी हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मौत के कारण व परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद है। दर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अभी मौत दुर्घटना, डूबने या किसी अपराध से जुड़ी है, यह जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।




