शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय अंबिकापुर में आठ दिवसीय मानवीय मूल्य कार्यशाला...प्रकृति के साथ सामंजस्य और नैतिक आचरण पर प्राध्यापकों ने किया गहन मंथन, कल होगा समापन

शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय अंबिकापुर में आठ दिवसीय मानवीय मूल्य कार्यशाला...प्रकृति के साथ सामंजस्य और नैतिक आचरण पर प्राध्यापकों ने किया गहन मंथन, कल होगा समापन

khabrigullak.com
By -
0

 

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक 

शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय अंबिकापुर में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से अनुमोदित आठ दिवसीय शिक्षक-विकास कार्यक्रम “सार्वभौमिक मानवीय मूल्य–द्वितीय” का आयोजन 16 नवंबर से निरंतर जारी है। कार्यक्रम का सातवां दिन 22 नवंबर को संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न संस्थानों से आए प्राध्यापकों ने तकनीकी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों, नैतिकता और समग्र विकास के विषयों पर विस्तृत विचार-मंथन किया। यह कार्यक्रम 16 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित हो रहा है।

 सात दिनों में हुई चर्चा

कार्यक्रम के प्रारंभिक दिनों में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के सार्वभौमिक मानवीय मूल्य पैनल, नई दिल्ली के प्रोफेसर एवं संसाधन व्यक्ति डॉ. हिमांशु कुमार राय ने “मैं कौन हूँ”, “मेरे जीवन का उद्देश्य क्या है” तथा “संपूर्ण अस्तित्व में मेरी क्या भागीदारी है” जैसे मूल प्रश्नों के माध्यम से आत्म-अन्वेषण की प्रक्रिया समझाई। इसके बाद स्वयं और शरीर के बीच सामंजस्य, स्वास्थ्य, संयम तथा परिवार में विश्वास और सम्मान के महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के चौथे और पांचवें दिन समाज में समरसता, सार्वभौमिक मानवीय व्यवस्था तथा प्रकृति की चार अवस्थाओं पदार्थ, प्राण, जीव और ज्ञान के बीच परस्पर पूरकता एवं सह-अस्तित्व पर संवादात्मक सत्र और समूह-चर्चाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने प्रकृति के साथ संतुलित जीवन, पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व और सामाजिक सद्भाव के विषयों पर भी अपने विचार साझा किए।

 नैतिक आचरण पर मंथन

छठे और सातवें दिन प्रतिभागियों ने मानवीय मूल्यों की सहज स्वीकृति, नैतिक मानवीय आचरण की निश्चितता तथा उच्च तकनीकी संस्थानों में मूल्य-आधारित शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने की व्यावहारिक रणनीतियों पर अभ्यास सत्रों में भाग लिया। चर्चा में कहा गया कि शिक्षा केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, जिम्मेदारी, नैतिकता और सामाजिक सरोकार का भाव भी विकसित करनी चाहिए।

 विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राम नारायण खरे के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यशाला में डॉ. हिमांशु कुमार राय के साथ सह-प्रशिक्षक के रूप में रविशंकर रजक, सामाजिक कार्यकर्ता, सवेरा फाउंडेशन, ग्राम पंचायत पथरिया जाट, सागर, मध्य प्रदेश तथा श्रीमती माया राठौर, निसरपुर, जिला धार, मध्य प्रदेश प्राध्यापकों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. शरद गांगेगांवकर, सहायक प्राध्यापक, पारुल विश्वविद्यालय, बड़ौदा, गुजरात उपस्थित हैं।

 समापन 23 नवंबर को 

कार्यक्रम के स्थानीय समन्वयक डॉ. केतन चौरसिया एवं  पीयूष राय, दोनों सहायक प्राध्यापक, ने बताया कि आठ दिवसीय शिक्षक-विकास कार्यक्रम का समापन समारोह कल सोमवार, 23 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिभागी प्राध्यापकों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। यह कार्यक्रम प्राध्यापकों को सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों को कक्षा-शिक्षण और संस्थागत अभ्यास में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)