सूरजपुर।(भूपेंद्र राजवाड़े)।छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला के प्रतापपुर में फिरौती के लिए दस वर्षीय मासूम रिशु कश्यप का अपहरण कर नृशंस हत्या किए जाने के मामले में परिजनों, नगरवासियों की मांग पर अंततः शासन और प्रशासन ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि संभवतः बुधवार को पुलिस और जिला प्रशासन के साथ नगर पंचायत की टीम के द्वारा प्रतापपुर में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर बनाए गए आरोपियों के तीन - तीन कुल 6 घरों को जेसीबी से जमींदोज किया जायेगा। इसके लिए प्रशासन ने आज मंगलवार से ही तैयारियां शुरू कर दी। हालांकि प्रशासन द्वारा इसकी अधिकृत रूप से पुष्टि नहीं की गई है ।
जवानों की शुरू हुई तैनाती
मृतक रिशु और आरोपी पड़ोसियों के घर के 200 मीटर के दायरे में भीड़ पर प्रतिबंध लगाने धारा 144 लागू किया गया है। इस इलाके को बेरिकेट्स से घेरे जा रहे हैं। बड़ी संख्या में सशस्त्र बलों ड्यूटी लगाई जा रही है। प्रतापपुर में आज मंगलवार को शाम होने तक बड़ी संख्या में जवान पहुंच चुके थे। विदित हो कि पुलिस ने रिशु हत्याकांड मामले में आरोपी पड़ोसी शुभम सोनी उर्फ गोलू पिता कमलेश सोनी 26 वर्ष और विशाल ताम्रकार पिता राजेंद्र ताम्रकार 28 वर्ष को धारा 363, 364क,302, 120बी के तहत गिरफ्तार किया था। मृतक के पिता अशोक कुमार कश्यप ने कहा था कि जबतक आरोपियों का घर नही टूटेगा तब तक वे पुत्र के कंकाल का अंतिम संस्कार नही करेंगे। नगर वासियों के द्वारा भी आरोपियों का घर तोड़े जाने सहित आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने मांग की जा रही थी।



