लापरवाही से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दो मरीजों की हुई थी मौत.... संभागायुक्त चुरेंद्र ने जांच दल गठित कर कहा 7 अगस्त तक सौंपे रिपोर्ट...
अगस्त 01, 2024
0
अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में चिकित्सक, स्टाफ नर्स की लापरवाही से महिला सहित दो मरीजों की मौत होने के मामले में सरगुजा संभागायुक्त जीआर चुरेंद्र के द्वारा जांच दल का गठन करते हुए 7 अगस्त तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने निर्देश दिए हैं। जांच दल में उपायुक्त आरके खूंटे, अपर कलेक्टर एएल ध्रुव और आयुक्त कार्यालय से लेखाधिकारी ईरमा तिग्गा शामिल हैं। भाजपा के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे के द्वारा इस मामले में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में डॉक्टर एवं नर्स की लापरवाही से मरीजों की मृत्यु होने की शिकायत की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा संभागायुक्त ने जांच दल गठित कर तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विदित हो कि 28 जुलाई को दर्रीपारा निवासी शांति मराबी 55 वर्ष की मौत हुई थी। परिजनों द्वारा यह आरोप लगाया गया कि मरीज को लेकर वे दो दिन तक मेडिकल कॉलेज अस्पताल का चक्कर लगाते रहे मगर चिकित्सक ने भर्ती कर समुचित उपचार करने के बजाय दवा लिख घर भेज दिया था, जिससे महिला की मौत हुई, वहीं दूसरे मामले में भैयाथन के बांसपारा निवासी रामचंद्र ठाकुर को तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया था, परिजनों ने आरोप लगाया था कि ऑक्सीजन पाइप का नोजल निकल जाने पर वे इसे ठीक करने स्टाफ नर्स, चिकित्सक के समक्ष गुहार लगाते रहे मगर ध्यान से दिए जाने से मरीज की मौत हो गई।



