रायपुर। खबरी गुल्लक।। 3 अगस्त 2025।।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महिला थाने में ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंची एक महिला के साथ बेल्ट से पिटाई किए जाने के आरोप पर पुलिस ने तत्कालीन महिला थाना इंचार्ज वेदवती दरियो, स्टाफ शारदा वर्मा, फगेश्वरी कंवर सहित चार लोगों के अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों में एक सैय्यद आसिफ अली पीड़िता का पति भी शामिल है। न्यायालय के आदेश पर FIR दर्ज किया गया। यह घटना 17 मार्च 20 24 की बताई जा रही है। उस वक्त महिला थाने की इंचार्ज वेदवती दरियो थीं। एफआईआर में लगाए गए आरोपों के मुताबिक आवेदिका यास्मीन बानो से उसके पति तथा ससुराल वालों द्वारा विवाद किए जाने पर काउंसलिंग की गई थी। श्रीमती वेदवती दरियो ने आवेदिका को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने हेतु थाने में बुलाया। जहां सैय्यद आसिफ अली अपने दोस्त देवेन्द्र सोनकर व भरत ठाकुर के साथ उपस्थित था। चर्चा के दौरान वेदवती दरियो आवेदिका की बात नहीं सुन रही थी और एकतरफा व्यवहार कर रही थी। इसी दरमियान सैय्यद आसिफ अली ने गालीगलौज शुरू कर दी और वेदवती दरियो ने अपना बेल्ट निकाला। उन्होंने अपने स्टाफ को डंडे लेकर बुलाया। शारदा वर्मा, फगेश्वरी कंवर व चार-पांच अन्य महिला एवं पुरूष स्टाफ को बुलाकर सैय्यद आसिफ अली के साथ मिलकर आवेदिका एवं उसके परिवार वालों के साथ गालीगलौज कर मारपीट की गई। आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
रिश्वत केस में जेल गई थी TI
विदित हो कि एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उक्त घटना के कुछ दिनों बाद उक्त महिला टीआई को एफआईआर करने के नाम पर एक प्रार्थिया से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते थाने में ही रंगेहाथ दबोच जेल भी भेजा गया। संबंधित टीआई को निलंबित कर दिया गया था।
जांच के बाद प्रतिवेदन न्यायालय में करेंगे पेश - ASP
एएसपी सिटी रायपुर लखन पटले पवार ने मीडिया को बताया कि कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के बाद पुलिस अपना प्रतिवेदन न्यायालय में पेश करेगी।

.jpg)






















