ADD





गेरसा जलाशय टूटा, 30 एकड़ धान की फसल जलमग्न – किसानों को भारी नुकसान, कलेक्टर विलास भोसकर पहुंचे मौके पर, लिया हालात का जायजा

0


 अंबिकापुर। खबरी गुल्लक।।

सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गेरसा स्थित गेरसा जलाशय शनिवार सुबह टूट गया।  बलरामपुर जिले के धनेशपुर बांध के फूटने के बाद अब सरगुजा में भी यह हादसा हुआ है। जलाशय का मेड सुबह करीब 9 बजे बह गया, जिससे आसपास की खेतिहर जमीन पर तेजी से पानी भर गया और करीब 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र की धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई।

कलेक्टर मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलाशय टूटने से हुए नुकसान का जायजा लिया और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को तत्काल राहत और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

विभागीय लापरवाही पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की अनदेखी और समय पर मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी। गेरसा जलाशय का निर्माण वर्ष 1991-92 में कराया गया था। इसके बाद से अब तक जलाशय की उचित देखरेख नहीं की गई, जिससे बांध कमजोर होता चला गया। लगातार बारिश और जलभराव के कारण इसका मेड दबाव नहीं झेल सका और टूट गया।


किसानों की मेहनत पर पानी

गेरसा जलाशय टूटने से जिन किसानों की फसल डूब गई है, वे अब पूरी तरह परेशान हैं। खेतों में लगे धान की फसल तैयार होने की स्थिति में थी। अचानक पानी भर जाने से किसानों की महीनों की मेहनत और लागत पर पानी फिर गया है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

कलेक्टर विलास भोसकर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को कारणों की जांच करने और नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित किसानों की मदद के लिए राजस्व विभाग को तत्काल सर्वे करने को कहा गया है।


👉 यह घटना एक बार फिर सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। समय रहते यदि पुराने जलाशयों की मजबूती और मरम्मत पर ध्यान दिया जाता, तो शायद किसानों को इतना बड़ा नुकसान नहीं झेलना पड़ता।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)