अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
विद्युत विभाग ने अनुकम्पा नियुक्ति प्राप्त कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्य अभियंता अम्बिकापुर ने विद्युत कम्पनी में अनुकम्पा नियुक्ति प्राप्त कनिष्ठ भृत्य और लाइन परिचारक के पद पर कार्यरत चतुर्थ वर्ग कर्मचारी जिन्होंने कम्पनी में 4 वर्ष या इससे अधिक की सेवा अवधि उत्कृष्ट आचरण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पूर्ण कर लिया है उन्हें नियमित और पुनर्पदनामित (पदोन्नत) कर दिया है।
नियमितीकरण और पदोन्नति हेतु पात्र कर्मचारियों को कनिष्ठ भृत्य से भृत्य, लाइन परिचारक से लाइन परिचारक वर्ग-3 तथा लाइन परिचारक वर्ग-3 से वर्ग-2 में पुनर्पदांकित किया गया है। विभागीय पदोन्नति के समान प्रचलित इस प्रक्रिया के अंतर्गत लाभान्वित हुए समस्त कर्मचारियों और उनके परिवार में खुशी की लहर है। गौरतलब है कि इस पदोन्नति से कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि जैसे अन्य लाभ भी समायोजित होंगे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन अम्बिकापुर शाखा ने प्रबंधन के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री आवेदन कुजूर एवं अधीक्षण अभियंता श्री आर के मिश्रा से 8 अगस्त को भेंटकर अनुकम्पा प्राप्त पात्र कर्मचारियों की सूची सौंपते हुए इस सम्बंध में उचित पहल की मांग की थी। जनता यूनियन के द्वारा विषय संज्ञान में आने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधन ने इसे गम्भीरता से लिया तथा सम्बंधित स्थापना शाखा प्रभारियों ने त्वरित रूप से विभिन्न संभागीय कार्यालय से इस दायरे में आने वाले कर्मचारियों से जुड़े तथ्य एवं सेवा अभिलेख जुटाकर तेजी और जिम्मेदारी से इस काम को पूरा किया। उनकी इस तत्परता के फलस्वरूप 6 महिला कनिष्ठ भृत्य, 9 लाइन परिचारक एवं 15 परिचारक श्रेणी वर्ग-3 के कर्मचारियों के पुनर्पदांकन आदेश मुख्य अभियंता कार्यालय से जारी हो चुके हैं। पदोन्नति लाभ प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में सरगुजा राजस्व संभाग के जिला सरगुजा से 6, सूरजपुर से 5, बलरामपुर से 3, कोरिया से 2 तथा जशपुर से 14 चतुर्थ वर्ग कर्मचारी शामिल हैं।
मांग पूरी होने के बाद विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन अम्बिकापुर ने मुख्य अभियन्ता को धन्यवाद पत्र द्वारा तदुपरांत प्रत्यक्ष भेंट कर आभार ज्ञापित किया है। भेंट के दौरान मुख्य अभियंता श्री शिलेदार ने आश्वासन दिया है कि निर्धारित पात्रता प्राप्त करने वाले समस्त कर्मचारियों को तत्काल नियमित और पदोन्नत किया जाएगा।
जनता यूनियन के प्रांतीय महासचिव अजय बाबर, प्रांतीय उपाध्यक्ष जेपी पटेल, प्रांतीय सचिव जेके श्रीवास्तव, सहसचिव अनिल त्रिपाठी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता, सचिव आर के राजपूत, कोषाध्यक्ष आशीष हीरा, संभागीय अध्यक्ष एच एल पटेल, प्रा. सदस्य हनीफ खान, आर के सिंह परिहार, सम्मेलाल श्रीवास, प्रमोद कुजूर, पालीराम भगत, श्रवण साहू, कपिल मोंगरे, अनिमा टोप्पो, असीम खलखो, रिजवान उल हक, बरनाबस लकड़ा, धर्मविजय मिंज, कुबेर दुबे, वीरेंद्र साहू, पूर्णानंद यादव, अमरजीत बेक, हिमांशु सिंह, नंदलाल सिंह, कृतलाल साहू, विनीता सिंह, संजय एक्का, घनश्याम गबेल, गुले अंसार, राजेश यादव आदि ने इस नेक कार्य के लिए मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं शाखा प्रभारियों का विशेष आभार व्यक्त किया है।
कर्मचारी हित में आगे भी उठाते रहेंगे मुद्दा
जनता यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष जेपी पटेल एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता ने संयुक्त बयान में कहा है कि लाभान्वित कर्मचारियों सहित जनता यूनियन प्रबंधन की आभारी है। जनता यूनियन द्वारा समय समय पर प्रबंधन से भेंट कर कर्मचारी हित के मुद्दे उठाए जाते हैं, और यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। कर्मचारी हित में क्षेत्रीय मुख्य अभियंता श्री शिलेदार जी की संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए उक्तद्वय ने कहा कि उनके सक्रिय नेतृत्व में सरगुजा विद्युत विकास के नए सोपान तय करेगा। जनता यूनियन की ओर से कर्मचारियों को सभी प्रकार के हितलाभ दिलाने की दिशा में सतत प्रयास होते रहेंगे।









