अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक
छत्तीसगढ़ पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 में कर्तव्य के दौरान लापरवाही बरतने वाले दो आरक्षकों को सेवा से पृथक कर दिया गया है। वहीं, थाना कोटाडोल क्षेत्र में डायल-112 टीम द्वारा नाबालिग बालिका को बचाने के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई है। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने आपातकालीन सेवा डायल-112 की समीक्षा बैठक में दो गंभीर मामलों पर नाराजगी व्यक्त की।
पहला मामला बलरामपुर-रामानुजगंज
जिला बलरामपुर में आपातकालीन सेवा वाहन क्रमांक सीजी 03-2749 में तैनात आरक्षक संजय मारकण्डेय और वाहन चालक द्वारा महत्वपूर्ण इवेंट आने पर नशे की हालत में वाहन को लापरवाहीपूर्वक गंभीर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया गया। कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर ने दोनों को सेवा से पृथक कर दिया।
दूसरा मामला एमसीबी
जनकपुर जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के थाना जनकपुर क्षेत्र में वाहन क्रमांक सीजी 03-2700 में तैनात आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता ने इवेंट के दौरान नशे की हालत में वाहन दुर्घटनाग्रस्त कर दिया। इस मामले में भी पुलिस अधीक्षक एमसीबी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरक्षक को सेवा से पृथक कर दिया।
आईजी ने की कोटाडोल टीम के कार्य की सराहना
आईजी दीपक झा ने थाना कोटाडोल क्षेत्र के डायल-112 के कार्य की प्रशंसा की। 19 सितंबर 2026 को थाना कोटाडोल क्षेत्र में सूचना मिली कि एक बालिका के साथ अश्लील हरकत का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए समय से पहले मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार किया और बालिका को सुरक्षित बचाया। ग्रामीणों ने भी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।
आईजी के निर्देश: जिम्मेदार नागरिक की तरह कार्य करें
पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा ने कहा कि डायल-112 का प्रत्येक इवेंट महत्वपूर्ण और रिस्पांस टाइम वाला होता है। इसमें तैनात प्रत्येक कर्मचारी को एक जिम्मेदार नागरिक की तरह कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में लापरवाही या नशे की हालत में ड्यूटी पर पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डायल-112 नेक्स्ट जनरेशन वाहन: सरगुजा रेंज में 60 वाहन आबंटित
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम नागरिकों को त्वरित सुरक्षा देने के लिए 20 मई 2026 को डायल-112 के फेज-दो नेक्स्ट जनरेशन वाहनों का शुभारंभ किया गया था। सरगुजा रेंज में कुल 60 वाहन आवंटित हैं।
जिला वाहन संख्या
सरगुजा 12
सूरजपुर 12
जशपुर 11
बलरामपुर 11
एमसीबी 08
कोरिया 06
शहरी क्षेत्र में 10 से 15 मिनट और ग्रामीण में 20 से 25 मिनट के रिस्पांस टाइम के साथ त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
आम जनता से अपील: डरे नहीं, कॉल करें
आईजी झा ने आम जनता से अपील की है कि प्रत्येक नागरिक के पास डायल-112 नंबर होना चाहिए। किसी भी विषम परिस्थिति, संदिग्ध गतिविधि या दुर्घटना के दौरान बिना किसी संकोच के 112 पर कॉल कर मदद ली जा सकती है। उन्होंने डीडीसी एवं वाहन में तैनात कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि वे अपने कर्तव्य के प्रति तत्पर रहें और जन-सेवा की भावना से कार्य करें।
संपादकीय टिप्पणी : विकास बारी
आपातकालीन सेवाएं जनता की आखिरी उम्मीद होती हैं। ऐसे में कर्तव्य में लापरवाही न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि जनविश्वास के साथ सीधा धोखा है। वहीं, कोटाडोल टीम का कार्य दिखाता है कि सही समय पर सही कार्रवाई से कितनी बड़ी दुर्घटना टल सकती है।




