सूरजपुर।खबरी गुल्लक
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने सूरजपुर जिले में मिलावटी शराब तैयार कर बेचने के मामले का भंडाफोड़ किया है। टीम ने कुमदा बस्ती निवासी एक व्यक्ति के मकान से विभिन्न ब्रांड की शराब की करीब 2500 नकली ढक्कन, लगभग 200 नकली रैपर, बड़ी संख्या में खाली शीशियां तथा करीब 12 लीटर मिलावटी शराब बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शाम के समय कुमदा चौक पर टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुमदा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे बोतलों में भरकर बेचने का काम कर रहा है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए आबकारी दल ने तत्काल कुमदा बस्ती स्थित आरोपी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को एक कमरे में शराब की बोतलों के ढक्कन, विभिन्न ब्रांडों के लेबल, खाली शीशियां और तैयार की गई मिलावटी शराब मिली। मौके से बरामद सामग्री को देखकर आबकारी अधिकारी भी हैरान रह गए।
विभिन्न ब्रांड के नकली ढक्कन और रैपर बरामद
तलाशी के दौरान टीम ने करीब 2500 नग विभिन्न ब्रांड की मदिरा की नकली ढक्कन और लगभग 200 नग शराब की नकली लेबल बरामद किए। इसके अलावा बड़ी संख्या में खाली शराब की शीशियां भी मिलीं। आरोपी ने मिलावटी शराब को मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू सहित अन्य ब्रांड की बोतलों में भरकर रखने की तैयारी कर रखी थी। आबकारी टीम ने मौके से करीब 12 लीटर मिलावटी शराब भी जब्त की है। जब्त सामग्री को पंचनामा तैयार कर कब्जे में लिया गया है। विभाग द्वारा बरामद शराब और अन्य सामग्रियों की जांच की जा रही है।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर 26 सितंबर 2026 को सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका
कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रोहित सोनवानी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
एक साल पहले शराब दुकान में करता था काम
पूछताछ में आरोपी चंद्रप्रकाश राजवाड़े ने आबकारी अधिकारियों को बताया कि वह करीब एक वर्ष पहले सूरजपुर स्थित विदेशी मदिरा दुकान में काम करता था। बाद में उसने वहां का काम छोड़ दिया। विभाग आरोपी से मिलावटी शराब तैयार करने, नकली ढक्कन व रैपर जुटाने तथा इसकी बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रहा है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मध्य प्रदेश में मिलावटी शराब पीने से कई लोगों की मौत की घटनाओं के बाद आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़ द्वारा अवैध और मिलावटी शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा के प्रभारी इंद्रबली मार्कंडेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण अथवा बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल आबकारी विभाग को सूचित करें।




