अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उदयपुर में सामने आई अनियमितताओं के बाद संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ अनिल कुमार शुक्ला ने प्रभारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेन्द्र पैकरा को प्रभार से हटाकर नया प्रभारी नियुक्त किया है। 28 नवंबर 2025 को संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण में कई गंभीर लापरवाही उजागर हुईं। जांच में ओपीडी सेवाओं के समय पर संचालन में लापरवाही, लैब एवं दवा वितरण बंद , सुरक्षा व्यवस्था की कमी, कर्मचारियों की गैरहाजिरी पाई गई । खुद बीएमओ डॉ योगेन्द्र पैकरा गायब रहे। कई मरीज इस मनमानी के चलते परेशान नजर आए। इस लापरवाही पर संयुक्त संचालक स्वास्थ्य ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने गैरहाजिर बीएमओ को तलब किया तो वे आधे घंटे बाद भी नहीं पहुंचे। उदयपुर के नागरिकों ने बताया कि बीएमओ अक्सर शराब के नशे में धुत हो ड्यूटी से गायब रहते हैं। जिसके कारण अन्य कर्मचारी भी बेलगाम हो गए हैं। चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ नहीं रहते हैं और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं के ठप रहने से मरीज न सिर्फ बगैर इलाज वापस लौट रहे हैं बल्कि झोला छाप डाक्टरों के चंगुल में भी फंस रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही से संयुक्त संचालक ने बीएमओ डॉ योगेन्द्र पैकरा को प्रभार से हटाते हुए नया बीएमओ नियुक्त किया है। यह कार्रवाई ग्राम्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त - जेडी स्वास्थ्य
मरीजों को मिलेगी बेहतर सेवाएं- खंड चिकित्सा अधिकारी
नव नियुक्त प्रभारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार तिग्गा ने कहा है कि मैं इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाऊंगा। जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार कर स्वास्थ्य केन्द्र को मरीजों के लिए भरोसेमंद और सुचारु बनाने की दिशा में काम करूंगा। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेगी।





