अंबिकापुर/ बलरामपुर।। खबरी गुल्लक।। 12 दिसंबर 2025।।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की लापरवाही से परेशान किसानों के समर्थन में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन किया। बलरामपुर जिले के पुराना बाजार में दोपहर 2 बजे आयोजित धरने में आम आदमी पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष जफर खान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि टोकन की व्यवस्था तक न कर पाने वाली सरकार खुद को किसान हितैषी बताती है। प्रदेश के हर जिला मुख्यालय में कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आप कार्यकर्ताओं ने सरकार को घेरा। जफर खान ने बताया कि गिरदावरी में सरकार द्वारा अनेक त्रुटियां निकालकर किसानों का रकबा कम कर दिया गया है। धान बेचने के लिए टोकन सही तरीके से नहीं कट रहे, जिससे किसानों को चार-पांच दिनों तक लंबी लाइनों में इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर सिर्फ कर्ज जितना ही धान लिया जा रहा है। खान ने कहा कि समितियों में प्रतिदिन धान खरीदी की लिमिट कम कर दी गई है। सामान्यत: 1400-1500 क्विंटल धान प्रतिदिन खरीदा जाना चाहिए, लेकिन कई समितियों में केवल 700-800 क्विंटल ही खरीदी हो रही है। इससे टोकन कटने का नंबर लेट हो रहा है और किसानों को लंबा इंतजार झेलना पड़ रहा।उन्होंने खरीदी केंद्रों पर अधिक वजन लेने की शिकायत भी की, जिसे किसानों के साथ लूट बताया। उन्होंने कहा कि बागबाहरा में टोकन न मिलने की हताशा में एक किसान को आत्महत्या तक करनी पड़ी। जफर खान ने कहा प्रदेश का अन्नदाता गहरे संकट में है और भाजपा का किसान विरोधी चेहरा सामने आ गया है।
तत्काल समस्याओं का समाधान, वरना उग्र आंदोलन
आम आदमी पार्टी ने सरकार से किसानों की सभी परेशानियों का जल्द निराकरण करने की मांग की है। जफर खान ने चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर पार्टी किसानों के साथ मिलकर बड़ा उग्र आंदोलन करेगी और भाजपा की कथनी-करनी के फर्क को जनता के सामने उजागर करेगी। पार्टी ने पहले भी जनता और किसान मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। धरने में जिला अध्यक्ष जफर खान, लोकसभा उपाध्यक्ष शंकर राम भगत, जिला कोषाध्यक्ष तिलकधारी टोप्पो, जिला सोशल मीडिया प्रभारी आशीष जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष राम नारायण सिंह, प्रमोद यादव, सुदेश्वर आयाम एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





