अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 5 जनवरी 2026।।
अंबिकापुर के न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की भरी गिरावट और इस सीजन से सबसे घने कोहरे के साथ हाड़ कंपकपाने वाली ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। आज सोमवार को सरगुजा सहित समूचे उत्तर छत्तीसगढ़ में सुबह लोग घरों में ही दुबके रहे,कोई कम्बल के भीतर तो कोई अलाव से राहत पाने की कोशिश करता रहा। लगातार पश्चिमोत्तरी ठंडी शुष्क हवा का प्रवाह चलता रहा। सुबह होते ही सूर्योदय के साथ घना कोहरा छा गया, जैसे सफेद चादर ने पूरे इलाके को लपेट लिया। कई जगहों पर क्षैतिज दृश्यता महज 10 से 20 मीटर तक सिमट गई। गाड़ियां रेंग-रेंग कर चल रही हैं, लोग घरों से निकलने में हिचक रहे हैं। सरगुजा जिले में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई । कल जहां 9.9 डिग्री सेल्सियस था, आज गिरकर 4.8 डिग्री पर पहुंच गया। दिनांक 05 जनवरी 2026 को अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम 4.8 डिग्री। वर्षा तो शून्य रही, 0.0 मिमी।
ये मौसम सरगुजा के लोगों के लिए किसी सजा से कम नहीं। कल रात से ही हवा ने तांडव मचा रखा था। पश्चिमोत्तरी दिशा से आ रही ये शुष्क हवाएं ठंड को और पैना बना रही हैं। सुबह कोहरे का कहर देखिए अंबिकापुर के मुख्य बाजारों में दुकानें देर से खुलीं, स्कूलों में बच्चों को आने में दिक्कत हुई। एक स्थानीय किसान रामू कहते हैं भैया कोहरा इतना घना कि सामने आदमी दिखाई न दे। खेतों में टमाटर तोड़ने गया था, स्पष्ट नजर नहीं आने से कच्चे कच्चे टमाटर तोड़ लिए।
न्यूनतम तापमान की ये गिरावट जनवरी के सामान्य से 3-4 डिग्री नीचे है जो ठंडी लहर का संकेत दे रही।
मौसम विभाग की मानें तो ये हालात अगले कुछ दिनों तक बने रह सकते हैं। पश्चिमोत्तरी हवाओं का प्रवाह जारी है, जो उत्तर भारत के मैदानों से सरगुजा तक ठंड ढोए चले आ रहे। कोहरा तो बस शुरुआत है दोपहर तक धूप निकलने की उम्मीद है, लेकिन शाम होते ही फिर वही सिलसिला। अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहेगा, मगर न्यूनतम में और गिरावट संभव। हवा शुष्क होने से त्वचा फट रही लोगों की। डॉक्टर सलाह दे रहे गर्म कपड़े पहनें, धुएं से बचें, कोहरे में वाहन धीरे चलाएं।

.jpg)






















