ADD





रेलवे ट्रैक पर मिली बिना सिर वाली लाश का रहस्य सुलझा, पत्नी ने ही रची साजिश, 40 हजार में दी सुपारी..

0

 

बलौदाबाजार। खबरी गुल्लक। 19 जनवरी 2026

 जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास मिली बिना सिर वाली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआत में शव की पहचान न होने से मामला बेहद पेचीदा लग रहा था, लेकिन मुखबिरों की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के दम पर पुलिस ने हत्यारों तक पहुंच बनाई। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हत्या की मास्टरमाइंड मृतक की पत्नी ही थी। उसने पति की हत्या के लिए मात्र 40 हजार रुपये में सुपारी दी थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं।

रेलवे ट्रैक पर फेंका गया धड़

11 जनवरी 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे हथबंद थाना पुलिस को ग्राम मजगांव के पास हथबंद-भाटापारा रेलवे लाइन पर एक शव मिलने की सूचना मिली। शव का सिर गायब था और उम्र लगभग 30-40 वर्ष के युवक का धड़ था। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हो गया कि हत्या कहीं और हुई थी। हत्यारे ने पहचान छिपाने के लिए सिर को अलग फेंक दिया और धड़ को रेलवे ट्रैक पर डालकर इसे ट्रेन दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई थी। घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे न मिलने से पुलिस को यकीन हो गया कि शव यहां लाकर फेंका गया। इसके बाद पुलिस ने 80 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित कर चार किलोमीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सिर अब तक बरामद नहीं हो सका।

 मामा और सुपारी किलर बने साथी

मुखबिरों से मिली गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन जैसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी कुसुम जोशी (35 वर्ष), उसके मामा राजेश भारती (32 वर्ष) और दो सुपारी किलर दारासिंह अनंत (44 वर्ष) व करन अनंत (34 वर्ष) को हिरासत में लिया। अलग- अलग पूछताछ में आरोपी टिक नहीं पाए। कुसुम ने कबूल किया कि मृतक गैस कुमार जोशी (40 वर्ष) पिता गोपाल जोशी, निवासी ग्राम भोथीडीह, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा, उसके साथ आए दिन झगड़ा करता था। वह मारपीट करता और अमानवीय व्यवहार रखता था। तंग आकर कुसुम ने पति को रास्ते से हटाने की ठान ली। उसने अपने मामा राजेश भारती को भरोसेमंद बनाया, जो साजिश का सूत्रधार बना। दोनों ने दारासिंह और करन को 40 हजार रुपये में सुपारी दी। हत्या 7 जनवरी को ग्रामीण इलाके में की गई, फिर शव को ट्रैक पर फेंक दिया। चार दिन बाद,  15 जनवरी को शव की पहचान गैस कुमार के रूप में हुई। कुसुम का मायका सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा होने से पुलिस ने उस दिशा में जांच तेज कर दी।

यह हैं आरोपी 

 कुसुम जोशी  35 वर्ष  ग्राम भोथीडीह, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा  मास्टरमाइंड (पत्नी),  राजेश भारती  32 वर्ष  ग्राम दरचुरा, थाना सिमगा  साजिशकर्ता (मामा), दारासिंह अनंत  44 वर्ष  ग्राम डिग्गी, थाना भाटापारा ग्रामीण  सुपारी किलर,  करन अनंत  34 वर्ष  ग्राम बड़े जरौद, थाना भाटापारा ग्रामीण  सुपारी किलर हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 302 (हत्या), 201 (साक्ष्य नष्ट करने) और 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस सिर की तलाश और अन्य साक्ष्य जुटाने में जुटी है। 


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)