ADD





नगर निगम अंबिकापुर के नेताप्रतिपरक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप दी चेतावनी ... वरना होगा आंदोलन

0

 अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 

नगर निगम क्षेत्र में केवाईसी/ई-केवाईसी की विफलता, फेस केवाईसी लागू न होने, राशन वितरण में गंभीर अनियमितताओं एवं महतारी वंदन योजना से पात्र महिलाओं को वंचित किए जाने के विरोध में नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में आज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

       कांग्रेस पार्षदों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में हजारों गरीब और पात्र परिवारों का राशन केवल फिंगर KYC के नाम पर रोका जा रहा है। बुजुर्गों की घिस चुकी उंगलियां, मेहनतकश श्रमिकों के खराब हाथ तथा महिलाओं के अंगूठों की पहचान मशीन द्वारा न हो पाने के कारण उन्हें पिछले दो महीनों से राशन नहीं मिल पा रहा है। इससे सैकड़ों परिवार भूख, कुपोषण और उधार के सहारे जीवन जीने को मजबूर हैं।

कांग्रेस पार्षदों ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि 5 वर्ष से कम आयु के मासूम बच्चों के नाम आधार कार्ड न होने के कारण राशन कार्ड से काट दिए गए हैं, जो बाल अधिकारों का खुला उल्लंघन है। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद फेस केवाईसी की सुविधा आज तक प्रारंभ नहीं की गई, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि नगर निगम क्षेत्र के अनेक वार्डों में लगभग 3 प्रतिशत राशन कार्ड बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिए गए हैं। वहीं राशन दुकानों का संचालन भी अनियमित है।कभी दुकान बंद रहती है तो कभी मशीन खराब होने का बहाना बनाया जाता है। यह स्थिति खाद्य सुरक्षा अधिनियम का सीधा उल्लंघन है।

कांग्रेस पार्षदों ने बताया कि पिछले छह महीनों से राशन में चना वितरण पूरी तरह बंद रहा। इस माह जब वितरण शुरू किया गया तो केवल एक माह का चना दिया गया, जबकि शेष महीनों का बकाया अब भी रोका गया है।

इसके अतिरिक्त ई-केवाईसी के अभाव में हजारों महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि से वंचित कर दिया गया है, जिससे गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। कांग्रेस पार्षदों ने तत्काल फेस KYC की सुविधा शुरू करने, बिना सूचना बंद किए गए राशन कार्डों को पुनः चालू करने, बकाया चना का पूर्ण वितरण कराने, सभी राशन दुकानों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं को शीघ्र लाभ देने की मांग की।

कलेक्टर सरगुजा ने पूरे मामले की जांच कर सार्थक एवं शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया है। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो वे हितग्राहियों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।पार्षदो के प्रतिनिधि मंडल में शंकर प्रजापति,पापिन्दर सिंह, हसन खान,बाबर इदरीसी,धर्मेंद्र ताम्रकार,मेराज रंगरेज (गुड्डू) विनोद एक्का,अख्तर फिरदौसी (चम्मा)लुकस एक्का,शुभम जायसवाल,मेघा खांडेकर शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)