अंबिकापुर/सूरजपुर।। खबरी गुल्लक ।।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति का मामला अब गरमाता जा रहा है। लगभग 200 रिक्त प्रधानपाठक पदों पर वर्षों से लटकी पदोन्नति को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिक्षक संगठनों का कहना है कि डीईओ केवल आश्वासनों से काम चला रहे हैं, जबकि संयुक्त संचालक शिक्षा के सख्त निर्देशों को भी वे मजाक बना रहे हैं। इससे शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है और आंदोलन की चिंगारी सुलग रही है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार राज्य स्तर से पदोन्नति पर निगरानी बढ़ाई गई है। सूरजपुर जैसे जिलों में देरी से विभाग की छवि खराब हो रही है। शिक्षक जगत उम्मीद कर रहा है कि निर्देशों का पालन हो और पदोन्नति प्रक्रिया शुरू हो। अन्यथा आंदोलन की आग पूरे जिले में फैल सकती है।
सूरजपुर जिले के प्राथमिक शालाओं में प्रधानपाठक पदों की कमी वर्षों से बनी हुई है। राज्य सरकार की शिक्षा नीति के तहत योग्य शिक्षकों को पदोन्नति देकर इन पदों को भरना अनिवार्य है। लेकिन स्थानीय डीईओ बैठकों में केवल चर्चा कर मामला ठंडा करते आ रहे हैं। शिक्षकों का आरोप है कि पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है और अधिकारी जानबूझकर देरी कर रहे हैं। एक वरिष्ठ शिक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमारे कई साथी 10- 15 वर्षों से प्रधानपाठक बनने के योग्य हैं। दस्तावेज जमा हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं। पड़ोसी सरगुजा और बलरामपुर जिलों में तो पदोन्नति पूरी हो चुकी है, यहां क्यों नहीं?
सूरजपुर जिले के शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सरगुजा जिले में बड़ी संख्या में शिक्षकों को पदोन्नति मिली, जबकि बलरामपुर में प्रक्रिया भी पूर्ण हो गई। सूरजपुर में ऐसा क्यों नहीं हुआ। प्रदेश शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संयुक्त संचालक शिक्षा संजय कुमार गुप्ता ने डीईओ को कई बार निर्देश दिए हैं, फिर भी कोई प्रगति नहीं। यह विभागीय भ्रष्टाचार का संकेत है। अवैध उगाही के लिए पदोन्नति रोकी जा रही है। यदि जल्द कार्रवाई न हुई तो हम जिला मुख्यालय में धरना, रैली और उच्च अधिकारियों तक पहुंचेंगे। सारी जिम्मेदारी डीईओ की होगी। शिक्षकों ने कई उदाहरण दिए। एक शिक्षिका ने बताया कि उनके स्कूल में प्रधानपाठक पद रिक्त होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
डीईओ को दिये हैं पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने निर्देश - संजय गुप्ता संयुक्त संचालक शिक्षा
इस मामले में सूरजपुर डीईओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। जिससे उनका पक्ष दर्ज नहीं हो सका। इधर संयुक्त संचालक शिक्षा संजय कुमार गुप्ता ने खबरी गुल्लक को बताया कि सूरजपुर डीईओ को नियमानुसार पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों को जल्द प्रमोशन मिलेगा। कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

.jpg)






















