ADD





सरगुजा में लाइसेंसी बंदूक लूट का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, हथियार बरामद

0


अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 10 फरवरी 2026

शहर के प्रतापपुर नाका इलाके में हुई सनसनीखेज लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक लूट की घटना में पुलिस ने महज 24 घंटों के अंदर आरोपी को जशपुर जिले के कासाबेल से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई बंदूक भी बरामद कर ली गई है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा  राजेश कुमार अग्रवाल  के दिशा-निर्देश में साइबर सेल, कोतवाली तथा गांधीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अमोद कुमार एक्का निवासी ग्राम टेडापहाड़ दुलदुला,  जशपुर वर्तमान निवास प्रतापपुर नाका अंबिकापुर पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वे अपने पुराने किराये के मकान नवापारा से नए किराये के कमरे प्रतापपुर नाका में सामान शिफ्ट कर रहे थे। परिवार को ऑटो में बिठाकर भेज दिया था, लेकिन जगह न होने से वे अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक कंधे पर लटकाए पैदल ही जा रहे थे।  

नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास पीछे से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आया और बोला, कहां जाना है? पैदल क्यों जा रहे हो, मैं छोड़ दूंगा। प्रार्थी जैसे ही मोटरसाइकिल पर सवार होने लगे, उसी दौरान उस व्यक्ति ने उनकी बंदूक छीन ली और मौके से फरार हो गया। प्रार्थी ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपी का पता न चला। शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी । डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। साइबर सेल, कोतवाली तथा गांधीनगर थाना की टीमों ने संयुक्त रूप से आरोपी का पता लगाया। सतत प्रयासों से आरोपी का सुराग जशपुर जिले के का कासाबेल तक पहुंचा। वहां से आरोपी को पकड़कर हिरासत में लिया गया।   पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा  45 वर्ष निवासी महादेवडांड  बगीचा बताया, वह वर्तमान में गोधनपुर है रह रहा था। उसने बंदूक लूट की घटना कबूल ली। आरोपी के कब्जे से लूटी गई डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली गई। अपराध के पुख्ता सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।  

कार्रवाई  में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुजूर, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक सूरज राय, आरक्षक अतुल सिंह, नितिन सिन्हा, मनीष सिंह, सुल्तान अहमद, गीता प्रसाद, आनंद प्रकाश केरकेट्टा, उमेश गुप्ता, जयनाथ भगत तथा हरिनाम सिंह सक्रिय रहे।  



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)