ADD





आस्था पथ से जुड़ेगा सूरजपुर, मां कुदरगढ़ में रोपवे निर्माण, पर्यटन के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ -बाबूलाल अग्रवाल

0


 सूरजपुर।। खबरी गुल्लक ।।(भूपेंद्र राजवाड़े)

राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए निवृतमान जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल एवं एमसीबी जिला संगठन प्रभारी ने कहा कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी बजट है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन हेतु 1400 करोड़, मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के लिए 5000 करोड़ तथा शिक्षा एवं अधोसंरचना विकास के प्रावधान आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे। AI के 36 नए सेंटर एवं शिक्षा क्षेत्र में नई योजनाएं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। छत्तीसगढ़ के 1.72 लाख करोड़ के संकल्प बजट में सरगुजा अंचल की आस्था, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई पहचान देने वाले प्रावधान शामिल किए गए हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के सपने को साकार करने में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला विकास की दिशा में आगे बढ़ने का मास्टर रोडमैप है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने आस्था और विकास को साथ लेकर चलने का संदेश दिया है।

छत्तीसगढ़ आस्था पथ: शक्तिपीठों का संगठित दर्शन

प्रदेश में छत्तीसगढ़ आस्था पथ (शक्तिपीठ भ्रमण) योजना प्रारंभ की जाएगी। इस योजना के तहत प्रदेश के पांच प्रमुख शक्तिपीठों का संगठित भ्रमण और दर्शन कराया जाएगा। इसमें सूरजपुर जिले की आराध्य देवी मां कुदरगढ़ी धाम को भी शामिल किया गया है। पहाड़ों की ऊंचाई पर विराजी मां कुदरगढ़ी के दरबार तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह योजना श्रद्धा और सुविधा का नया अध्याय मानी जा रही है। बजट में कुदरगढ़ को शक्तिपीठ सर्किट के रूप में विकसित करने हेतु 5 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान किया गया है। इससे सड़क, प्रकाश, पेयजल, यात्री सुविधाएं और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे।

रोपवे से आसान होगा मां का दरबार

कुदरगढ़ धाम तक पहुंचने के लिए बहुप्रतीक्षित रोपवे निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। वर्षों से श्रद्धालु कठिन चढ़ाई पार कर मां के दर्शन करते रहे हैं। रोपवे बनने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे कुदरगढ़ क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

स्वास्थ्य और शिक्षा को भी बड़ी सौगात

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में 220 बिस्तर के जिला चिकित्सालय निर्माण और हवाई सेवा की तैयारी को क्षेत्रीय विकास का मजबूत कदम बताया गया है। सूरजपुर के पंडरीपानी में 100 सीटर दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय व छात्रावास के लिए 6 करोड़ का प्रावधान सामाजिक संवेदनशीलता का उदाहरण है। मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज संचालन हेतु 50 करोड़, नर्सिंग कॉलेज और जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।

 आस्था से विकास पथ तक सेतु निर्माण

बाबूलाल अग्रवाल ने कहा, आस्था पथ योजना केवल यात्रा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा को जोड़ने का प्रयास है। मां कुदरगढ़ी का दरबार अब प्रदेश के शक्तिपीठ सर्किट का हिस्सा बनेगा, यह हम सबके लिए गर्व की बात है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर बजट की जानकारी दें और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। कुल मिलाकर सरगुजा की वादियों में गूंजती मां कुदरगढ़ी की जयकार अब विकास की नई ध्वनि के साथ आगे बढ़ेगी आस्था और अधोसंरचना के संगम से एक नए अध्याय की शुरुआत होती दिख रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)