अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 17 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर ग्राम राजपुरी के ग्रामीणों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को लगातार डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर सड़क सुधार, पेयजल व्यवस्था और अवैध प्लाटिंग-ब्लास्टिंग के खिलाफ जमकर विरोध जताया। मास्क लगाकर आयोजित इस शांतिपूर्ण धरने में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया, जिसके बाद एसडीओ निखिल कुजूर, ईई पीएचई ओमकार सिंह और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न आश्वासन दिए। अधिकारियों के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त हो गया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि राजपुरी सहित आसपास के गांवों राजपुरी, असोला, रनपुर, देवगढ़ और सोनपुर के निवासी लंबे समय से राष्ट्रीय राजमार्ग की बदतर स्थिति से त्रस्त हैं। धूल भरी सड़क से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है, वहीं गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर गड्ढे उभर आते हैं, जिससे दोपहिया वाहन सवारों को जान का खतरा रहता है। इसके अलावा पेयजल संकट ने ग्रामीण जीवन को और कठिन बना दिया है। बोरवेल सूखने और टैंकरों पर निर्भरता से महिलाएं-बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ऊपर से अवैध प्लाटिंग और ब्लास्टिंग से पर्यावरण और सुरक्षा को खतरा बढ़ गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने राजमार्ग को दोनों ओर से अवरुद्ध कर दिया। मास्क पहनकर नारे लगाते हुए उन्होंने बैनर-पोस्टर दिखाए, जिनमें लिखा था धूल मुक्त सड़क दो, गड्ढे भर दो, जल जीवन मिशन तेज करो, अवैध प्लाटिंग बंद करो। चक्काजाम के दौरान ट्रक, बसें और अन्य वाहन लंबी कतारों में रुक गए, लेकिन ग्रामीणों ने ट्रैफिक को पूरी तरह रोका नहीं। लगभग 1.30 घंटे के बाद एसडीओ निखिल कुजूर मौके पर पहुंचे और लिखित आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आज से ही धूल नियंत्रण के लिए दो वाटर टैंकर लगातार चलेंगे। 10 दिनों के अंदर सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे और पूर्ण मरम्मत समयसीमा में पूरी हो जाएगी।
पेयजल समस्या पर ईई पीएचई ओमकार सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन का कार्य लगभग एक साल में पूर्ण हो जाएगा। बांक डैम से सीधी पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति शुरू होगी। तत्काल राहत के रूप में अप्रैल तक असोला, रनपुर, देवगढ़ और सोनपुर में नई बोरिंग चालू कर दी जाएंगी। नायब तहसीलदार ने अवैध प्लाटिंग और ब्लास्टिंग करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने का भरोसा दिलाया।
इस धरने में शैलेंद्र प्रताप सिंह के अलावा निखिल विश्वकर्मा, सौरभ फिलिप, आशीष शील, तरण बाबरा, प्रिंस विश्वकर्मा, वैभव पांडेय, ज्ञान तिवारी, निकेश यादव, सरपंच असोला दीपक पैकरा, भानु रजवाड़े, सौरभ विश्वकर्मा, फैज, विजय शर्मा, नवीन गुप्ता, लाली, सोनमणि, रामकुंवर, विलासों, पूर्णिमा, तुलेश्वरी, संतोषी, जीधन यादव, सोनू यादव, ललन दास, मुकेश दास, मोनू यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन तेज होगा।

.jpg)























