खबरी गुल्लक ।। अंबिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की सतत कार्रवाई जारी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में साइबर सेल और कोतवाली थाना पुलिस ने फरार आरोपी मुजाहिद अली खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आईफोन 16 प्रो और रेडमी मोबाइल सहित दो स्मार्टफोन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई जनवरी 2025 में शुरू हुई ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े रैकेट से जुड़ी है। 13 जनवरी 2025 को कोतवाली थाना प्रभारी को मुखबीर सूचना मिली कि सरगुजा साइकल स्टोर के सामने सुधीर गुप्ता अपने घर में ऑफिस बनाकर टीवी सेटअप के जरिए क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना पर डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने सख्त निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की मौके से राहुल अग्रवाल, श्रीकांत अग्रवाल और राहुल कुमार सोनी को हिरासत में लिया गया। उनके पास से 234 एटीएम कार्ड, 77 सिम कार्ड, 78 चेकबुक, 73 सिम लगे मोबाइल, 81 पासबुक, 8 यूपीआई बारकोड स्कैनर, 13 मूल आधार कार्ड, 4 पैन कार्ड एवं आधार की छायाप्रतियां, 7 जमा पावतियां, 22 सट्टा खाते वाली डायरियां, एलईडी टीवी सेटअप, वाई-फाई, सेटअप बॉक्स, फर्नीचर और 1.54 लाख रुपये नगदी बरामद हुए। कुल मशरूका मूल्य 20 लाख रुपये अनुमानित था। थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 38/25 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7, 8 एवं बीएनएस की धारा 336(3), 338, 61(2), 340(2), 111 दर्ज कर तीनों आरोपी गिरफ्तार हो गए फरार आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को पुणे (महाराष्ट्र) से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने साथियों के संग अपराध कबूल किया और सट्टे की कमाई से खरीदी फॉर्च्यूनर कार जब्त की गई। उसके घर की तलाशी में 6.45 लाख रुपये नगदी, आभूषण, जमीन दस्तावेज, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद हुए। आरोपी को 20 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आयुष सिन्हा ने अपना सिम मुजाहिद अली खान (उम्र 26 वर्ष, निवासी नावागढ़, शहीद अब्दुल हामिद वार्ड 42, अंबिकापुर) को देकर बैंक खाते खुलवाने और फोनपे-गुगल पे से सट्टे का लेन-देन करने की बात बताई। लाखों रुपये के लालच में मुजाहिद ने सहयोग किया और सट्टे के पैसे से आईफोन 16 प्रो व रेडमी मोबाइल खरीदे। पूछताछ में कबूलनामा दर्ज कर दोनों मोबाइल जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस का संकल्प
सरगुजा पुलिस अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर कायम है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अमनपुरी, अशोक यादव और रमेश राजवाड़े सक्रिय रहे। पुलिस ने अन्य फरारों की तलाश तेज कर दी है।




