अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 2 मार्च 2026।।
जिला सरगुजा के केरजू स्थित आ. जाति सेवा सहकारी समिति में 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर 1,92,82,096 रुपये (1.93 करोड़) के ऋण वितरण और आहरण का बड़ा घोटाला सामने आया है। जिला कलेक्टर (सहकारिता) ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 8 दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर की अध्यक्षता में गठित संयुक्त जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में यह मामला उजागर किया है। जांच के अनुसार, तत्कालीन प्राधिकृत अधिकारी मदन सिंह, जोगी राम, सैनाथ केरकेट्टा (वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक), भूपेन्द्र सिंह परिहार (तत्कालिक शाखा प्रबंधक), शिवशंकर सोनी (सहायक लेखा पाल), ललिता सिन्हा (कैशियर), सुमित कुमार (सामान्य सहायक) और दीपक कुमार चक्रधारी (कंप्यूटर ऑपरेटर) ने मिलीभगत से यह धांधली की।
कलेक्टर के पत्र क्रमांक 266/जांच/2026 (दिनांक 2.3.2026) में स्पष्ट कहा गया है कि दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के बाद इसकी प्रति कलेक्टर को प्रस्तुत की जाए। जांच रिपोर्ट सहित 1900 पृष्ठों के दस्तावेज संलग्न हैं। यह घोटाला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित से जुड़ा है, जिसकी जांच अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर के द्वारा की गई।
स्थानीय किसानों में आक्रोश है, क्योंकि फर्जी लोन से सहकारी समिति की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं। बैंक प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। आगे की कार्रवाई का इंतजार है।




