अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
शहर के माता राजमोहिनी देवी वार्ड के हाउसिंग बोर्ड कालोनी मार्ग स्थित नालापारा मोहल्ले में आज एक ऐतिहासिक क्षण आया, जब महापौर मंजूषा भगत और पार्षद मनोज गुप्ता के अथक प्रयासों से बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण का भूमि पूजन हो गया। करीब 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क ने मोहल्लेवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर दिया है। सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पूर्व पार्षद रविन्द्र गुप्त भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित इस भूमि पूजन समारोह ने स्थानीय लोगों में उत्साह भर दिया।
महापौर मंजूषा भगत ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह मोहल्ला लंबे समय से सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरस रहा था। पार्षद मनोज गुप्ता ने इसकी शुरुआत की और उनकी मेहनत से आज यह सपना साकार हो रहा है। हमारी सरकार विकास के प्रति पूर्ण प्रतिबद्ध है। पार्षद मनोज गुप्ता ने अपनी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए बताया कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। चुनाव के दौरान ही मोहल्लेवासियों ने अपनी परेशानी बताई थी जिस पर हमने वादा किया और आज महापौर मंजूषा भगत तथा सभापति हरमिंदर सिंह की सक्रियता से कार्य शुरू हो गया। यह हमारी टीमवर्क की जीत है।
मोहल्लेवासियों ने महापौर मंजूषा भगत और पार्षद मनोज गुप्ता के प्रयासों की जमकर सराहना की। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि बारिश में नाला जैसा पानी बहने से गाड़ियां पुलिया के पास ही खड़ी करनी पड़ती थीं। अब घर तक पहुंच सकेंगे, बच्चों को स्कूल जाना आसान हो जाएगा। यह सड़क हमारी जिंदगी बदल देगी। इस सड़क से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र का समग्र विकास भी गति पकड़ेगा।



