छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदर झीरी लोंगरी में 7 मार्च 2026 को एक दिल दहला देने वाली वारदात में दशमल कोरवा ने खाना नहीं बनाने पर अपनी पत्नी प्रियंका को डंडे से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि ग्राम सरपंच के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रार्थी बोधो राम कोरवा ने बताया कि उनका बेटा दशमल 35 वर्ष अपनी दूसरी पत्नी प्रियंका से पिछले एक साल से विवाह के बाद भी बार- बार झगड़ता था। 7 मार्च रात 11-12 बजे खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ। अगली सुबह प्रियंका को जमीन पर खून से लथपथ पाया गया, सिर पर गंभीर चोटें थीं। आरोपी दशमल सुबह ही फरार हो गया था। थाना लुंड्रा में अपराध संख्या 47/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर थाना लुंड्रा पुलिस ने फौरन जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद पूछताछ में आरोपी दशमल उर्फ दशमन कोरवा को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि खाने को लेकर विवाद में गुस्से में आकर उसने डंडे से पत्नी को मार डाला। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्यवाई में यह रहे सक्रिय
कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार जायसवाल, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, आरक्षक राजकुमार, इबनुल खान, धीरेंद्र एवं अनुज जायसवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



